NEET Paper Leak : नीट पेपर लीक मामले की जांच में लगातार नए पहलू सामने आ रहे हैं. इस केस की जांच सीबीआई कर रही है और अब तक की जांच में महाराष्ट्र को इसका अहम केंद्र माना जा रहा है. जांच से जुड़े संकेतों के अनुसार, कथित तौर पर लीक हुआ पेपर यहीं से दूसरे राज्यों तक पहुंचाया गया था.
अब सामने आया है कि इस मामले में उन अभिभावकों पर भी जांच एजेंसियों की नजर है, जिन्होंने कथित रूप से अपने बच्चों के लिए लीक पेपर खरीदा था. महाराष्ट्र के लातूर और पुणे में सीबीआई की टीमें कुछ अभिभावकों और संदिग्ध छात्रों से पूछताछ कर रही हैं. सूत्रों के अनुसार, लातूर के एक बाल रोग विशेषज्ञ पर भी अपने बेटे के लिए पेपर खरीदने का आरोप जुड़ा है. बताया जा रहा है कि इस तरह के करीब 10 से अधिक अभिभावक जांच के दायरे में हैं, और भविष्य में ये लोग अदालत में मामले से जुड़े अहम गवाह भी बन सकते हैं.
विद्युत नगर में परिवारों से सवाल-जवाब
इससे पहले नांदेड़ में सीबीआई ने एक परिवार से लगभग 8 घंटे तक पूछताछ की थी. वहीं विद्युत नगर इलाके में कई परिवारों से अलग-अलग टीमों ने सवाल-जवाब किए थे. आरोप है कि कुछ अभिभावकों ने अपनी बेटियों के लिए नीट का पेपर हासिल करने की कोशिश की और इसके लिए लाखों रुपये का भुगतान किया गया.
उधर, एनटीए प्रमुख ने संसदीय समिति के सामने दिए बयान में पेपर लीक की बात को स्वीकार नहीं किया है और कहा है कि इस तरह के निष्कर्ष सीबीआई जांच में पुष्टि होने के बाद ही माने जाएंगे. इस पूरे मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी देखने को मिल रही है, जहां राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









