Iran US talks : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का बड़ा बयान सामने आया है. व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वेंस ने ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर जानकारी दी और कहा कि अगर समझौता नहीं हो पाया तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास दूसरा विकल्प भी तैयार है.
जेडी वेंस ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते को लेकर बातचीत में अच्छी प्रगति हुई है और फिलहाल दोनों देश सकारात्मक स्थिति में हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते के लिए दोनों पक्षों की तरफ से गंभीर प्रयास जरूरी होते हैं. वेंस के मुताबिक, ईरान भी इस समझौते को लेकर रुचि दिखा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका की ओर से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कई चरणों में बातचीत की गई है.
बातचीत विफल हुई तो सैन्य कार्रवाई संभव
वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुद्दे पर दो बातें साफ कर दी हैं. पहली, ईरान को किसी भी स्थिति में परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. दूसरी, अगर बातचीत सफल नहीं होती है तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकता है.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि अगर ईरान परमाणु हथियार हासिल कर लेता है तो इससे वैश्विक सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है. उनके अनुसार, ईरान ऐसे हथियारों का इस्तेमाल आर्थिक और राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर सकता है.
ईरान को अमेरिकी चेतावनी
अमेरिका की ओर से ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी गई है. ट्रंप और वेंस दोनों ने कहा कि अमेरिका युद्ध नहीं चाहता और रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जरूरत पड़ने पर अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है. उन्होंने संकेत दिया कि अगर बातचीत विफल रहती है तो अमेरिका सख्त कदम उठा सकता है.
ईरान के खिलाफ फिर बड़े कदम के संकेत
इसी दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई की संभावना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह युद्ध नहीं चाहते, लेकिन जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ फिर बड़ा कदम उठाया जा सकता है. समयसीमा को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो सकती है.
ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









