Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की प्रगतिशील सोच के अनुरूप सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने और इसकी पहुंच का विस्तार करने के उद्देश्य से पंजाब के मुख्य सचिव ए.पी. सिन्हा ने पंजाब सिविल सचिवालय-1 में वेरका की अत्याधुनिक वेंडिंग मशीन का उद्घाटन किया.
इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि ये आधुनिक वेंडिंग मशीनें उपभोक्ताओं को दूध, टेट्रापैक फ्लेवर्ड मिल्क, विभिन्न प्रकार की लस्सी, फलों के जूस, मिनरल वाटर और आइसक्रीम जैसी सुविधाएं आसान और स्वच्छ तरीके से उपलब्ध करवाएंगी. इससे वेरका, सोहणा और फाइव रिवर्स ब्रांड की पहुंच और विश्वसनीयता को और मजबूती मिलेगी.
“गुड्डी” के जरिए लैंगिक समानता को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि मिल्कफेड द्वारा प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी अत्याधुनिक वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं को ताजे और गुणवत्तापूर्ण वेरका उत्पाद आसानी से मिल सकें.
इस दौरान वेरका के लोकप्रिय मैस्कॉट “वीरा” की तर्ज पर नए मैस्कॉट “गुड्डी” का भी शुभारंभ किया गया. अधिकारियों के अनुसार “गुड्डी” पंजाब की सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और लैंगिक समानता को दर्शाने की दिशा में एक विशेष पहल है.
मूल्य संवर्धित उत्पादों के विस्तार पर जोर
उल्लेखनीय है कि मिल्कफेड पंजाब, जिसे पंजाब राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, भारत की प्रमुख सहकारी डेयरी संस्थाओं में शामिल है. यह संस्था उच्च गुणवत्ता वाले दूध और दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ-साथ डेयरी किसानों की आर्थिक प्रगति के लिए भी लगातार कार्य कर रही है.
मिल्कफेड बाजार तक बेहतर पहुंच, डेयरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल परिवर्तन, मूल्य संवर्धित उत्पादों के विस्तार और आधुनिक रिटेल प्रणालियों पर विशेष ध्यान दे रहा है.
भविष्य में लगेंगी आइसक्रीम वेंडिंग मशीनें
इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव एवं मिल्कफेड पंजाब के चेयरमैन अजीत बालाजी जोशी ने कहा कि भविष्य में आइसक्रीम वेंडिंग मशीनों सहित अन्य आधुनिक मशीनें पंजाब सिविल सचिवालय-2, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, सरकारी कार्यालयों, हवाई अड्डों, जिला सचिवालयों, कॉलेजों और मॉल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी स्थापित की जाएंगी.
वहीं, सहकारी सभाएं पंजाब के रजिस्ट्रार गिरीश दयालन ने कहा कि पंजाब सरकार सहकारी आंदोलन को मजबूत करने और डेयरी किसानों को बेहतर लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.
आर्थिक प्रगति पर दी गई जानकारी
मिल्कफेड पंजाब के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मिल्कफेड लगभग 7,250 करोड़ रुपये की अनुमानित आय हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. यह पिछले वित्तीय वर्ष के 6,395 करोड़ रुपये के कारोबार की तुलना में करीब 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है.
इस कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव K.K. Yadav, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की निदेशक डॉ. अक्षिता गुप्ता और उप सचिव दीपांकर गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार में चार बार नीट का पेपर लीक हो चुका है, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









