Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘शुक्राना यात्रा’ के तीसरे दिन मालवा क्षेत्र पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी और सांप्रदायिक ताकतों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाबियों पर देश विरोधी होने का ठप्पा लगाने की कोशिश कर रही है और वोटों के लिए राज्य की भाईचारे की परंपरा को तोड़ने की साजिश रच रही है.
मुख्यमंत्री ने बठिंडा से यात्रा की शुरुआत की और तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेका. इस दौरान तलवंडी साबो, बठिंडा शहर और कोटशमीर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की तरह पंजाब में भी डर और बंटवारे की राजनीति लागू करने की कोशिश की जा रही है, उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देंगे.
बेअदबी के दोषियों को नहीं मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेअदबी के मामलों में शामिल लोगों और उनके सरपरस्तों को नए कानून के तहत उम्रकैद और 50 लाख रुपये तक जुर्माने की सजा हो सकती है, उन्होंने कहा कि अब मानसिक रोगी होने का बहाना बनाकर कोई आरोपी सजा से नहीं बच सकेगा.
उन्होंने कहा कि “पंजाब पंजाबियों का है” और जो लोग भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, वे पंजाब के दुश्मन हैं. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बंटवारे की राजनीति से सत्ता हासिल की, लेकिन पंजाब में ऐसी राजनीति सफल नहीं होगी.
पंजाब ने देश के लिए सबसे ज्यादा बलिदान दिए
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरएसएस ने 52 साल तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, लेकिन अब वे दूसरों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांट रहे हैं, उन्होंने कहा कि देश की आजादी और एकता के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां पंजाबियों ने दी हैं.
मुख्यमंत्री ने 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पंजाब ने सबसे ज्यादा नुकसान झेला और करीब 10 लाख पंजाबियों ने जान गंवाई. उन्होंने कहा कि अब वही पंजाबी देश विरोधी कहे जा रहे हैं.
पंजाब की दौलत लूटने वालों को लोग जवाब देंगे
कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दलों ने दशकों तक पंजाब को लूटा और लोगों की भलाई की अनदेखी की. उन्होंने कहा कि लोग अब इन पार्टियों को सत्ता में नहीं बल्कि जेल भेजेंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शुक्राना यात्रा’ का उद्देश्य जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026 लागू करने के लिए परमात्मा का शुक्रिया अदा करना है, उन्होंने कहा कि यह कानून भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाएगा, उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और 65 हजार से ज्यादा युवाओं को बिना भ्रष्टाचार सरकारी नौकरियां दी गई हैं.
नहरी पानी का इस्तेमाल 68 प्रतिशत पहुंचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लगभग 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर सिंचाई व्यवस्था मजबूत की है और नहरी पानी के इस्तेमाल को 21 प्रतिशत से बढ़ाकर करीब 68 प्रतिशत तक पहुंचाया है, उन्होंने उम्मीद जताई कि धान सीजन तक यह आंकड़ा 85 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा, उन्होंने मावां-धीयां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के सभी परिवारों को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को बेहतर बनाया जा रहा है और सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरा कर रही है.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









