Road Accident : झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाजार क्षेत्र में कई वाहनों और राहगीरों को कुचल दिया, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं.
घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसरी बाजार में रोजमर्रा की तरह चहल-पहल बनी हुई थी, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े वाहनों, दुकानों के पास मौजूद लोगों तथा राहगीरों को अपनी चपेट में लेता चला गया.
भागते ट्रक ने कई लोगों को रौंदा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. जानकारी के अनुसार, ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू हो गया. इसी दौरान चालक ट्रक लेकर भागने लगा और भागने के क्रम में सड़क पर मौजूद कई वाहनों और लोगों को रौंद दिया. इस घटना में दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है.
इस मामले में SDPO सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी, जिसके बाद लोगों के विरोध और हंगामे के बीच चालक वाहन लेकर भागने लगा और इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया, उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
हादसे के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा. सूचना मिलने पर गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









