UP News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक वीडियो को लेकर हलचल मच गई है. प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ‘पीडीए’ की सरकार बनने की बात कहते नजर आते हैं, हालांकि कुछ ही क्षण बाद वह अपनी बात को सुधारते हुए ‘एनडीए’ सरकार का दावा करते हैं.
इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा. अखिलेश यादव ने कहा कि राजभर के मन में भी यही है कि उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बने, लेकिन वे अपने स्वार्थ के कारण खुलकर यह बात नहीं कह पा रहे हैं, उन्होंने यह भी कहा कि सच्चाई अक्सर अपने आप जुबान पर आ जाती है, इसलिए उनके मुंह से भी पीडीए सरकार की बात निकल गई.
राजभर के बयान पर अखिलेश का तंज
सपा प्रमुख ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि सच बिना सोचे निकलता है, जबकि झूठ सोच-समझकर बोला जाता है, उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि जो बात अनजाने में सामने आई, उसे बदलने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए.
आपको बता दें कि वायरल वीडियो में एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकार द्वारा 2027 में बनने वाली सरकार को लेकर सवाल पूछा गया था. इसके जवाब में ओम प्रकाश राजभर पहले ‘पीडीए’ सरकार बनने की बात कहते हैं. उसी दौरान उनके पास बैठे एक सहयोगी इशारे से उन्हें टोकते हैं, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बात बदलते हुए ‘एनडीए’ सरकार आने की बात कहने लगते हैं.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









