Punjabराज्य

मरहूम कलाकार जसविंदर भल्ला के जन्मदिन पर चौक का नामकरण किया गया

Punjab News : पंजाबी सिनेमा के प्रसिद्ध कलाकार, प्रोफेसर और कॉमेडियन डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला की स्मृति में एक विशेष समारोह पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ऑडिटोरियम, सेक्टर-62, मोहाली में आयोजित किया गया. इस अवसर पर “डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला चौक” का नींव पत्थर रखा गया, जिसका उद्घाटन मोहाली क्षेत्र के विधायक कुलवंत सिंह ने किया. साथ ही, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद की उपस्थिति में पहला “डॉ. भल्ला मेमोरियल लेक्चर” भी आयोजित किया गया.

इस समारोह में पंजाब के पर्यटन, सांस्कृतिक मामलों, श्रम, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. समारोह के दौरान “विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में कला, रंगमंच और सिनेमा की भूमिका” (Role of Art, Theatre and Cinema in Personality Development of Students) विषय पर मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों ने अपने विचार साझा किए.

भल्ला जी का योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा

अपने संबोधन में तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा के माध्यम से शिक्षा, कला और मनोरंजन के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया, उन्होंने कहा कि ऐसी शख्सियतों को यादगार बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं, उन्होंने कहा कि आज जिस चौक का नाम उनके नाम पर रखा गया है, आने-जाने वाले लोग हमेशा उन्हें याद करेंगे.

भल्ला जैसी हस्तियां हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं

मरहूम के प्रिय मित्र बाल मुकंद शर्मा, चेयरमैन पंजाब फूड कमिशन की मांग को ध्यान में रखते हुए मंत्री सौंद ने कहा कि वे पंजाब के सभी कॉमेडियन कलाकारों जैसे मेहर मित्तल, जसपाल भट्टी और डॉ. जसविंदर भल्ला की याद में एक विशाल ऑडिटोरियम बनाने के लिए गमाडा के अधिकारियों और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से चर्चा करेंगे.

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि जसविंदर भल्ला जैसी हस्तियां हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके नाम पर चौक का नामकरण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा, उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास महान कलाकारों की याद को हमेशा जीवंत रखने में सहायक सिद्ध होते हैं.

कलाकार और गणमान्य लोग शामिल हुए

इस मौके पर डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला की पत्नी परमदीप कौर भल्ला, पुत्र पुखराज भल्ला, बाल मुकंद शर्मा (चेयरमैन फूड कमिशन), अमरपाल सिंह (चेयरमैन, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड), पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारी, गुरप्रीत घुग्गी, करमजीत अनमोल, गायक शैरी मान के अलावा पंजाबी इंडस्ट्री के अन्य कलाकार, गायक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, कला प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें- गर्मी में गन्ने का जूस कितना सुरक्षित? एक्सपर्ट ने बताए फायदे और खतरे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button