China Blast : चीन से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है. सरकारी मीडिया के मुताबिक, हुनान प्रांत के लियुयांग शहर में स्थित एक आतिशबाजी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ है. इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है. जबकि 61 लोग घायल हो गए हैं. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है और बड़ी संख्या में टीमें तैनात हैं.
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे गुआंडू टाउनशिप में स्थित लियुयांग हुआशेंग आतिशबाजी निर्माण एवं प्रदर्शन कंपनी में हुई. विस्फोट की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया.
हादसे के कारणों की जांच शुरू
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. रिपोर्ट में बताया गया है कि घटनास्थल पर करीब 500 बचावकर्मी तैनात हैं. इसके अलावा, दो बारूद गोदामों से खतरे की आशंका को देखते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया.
वहीं, अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही, कंपनी से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियंत्रण संबंधी कदम उठाए गए हैं, हालांकि इन कदमों का विवरण साझा नहीं किया गया है.
तलाशी और राहत कार्य में तीन रोबोट की मदद
बचाव अभियान के दौरान किसी और दुर्घटना से बचने के लिए टीमों ने छिड़काव और नमीकरण जैसे उपाय अपनाए हैं. साथ ही, तलाशी और बचाव कार्य में सहायता के लिए तीन रोबोट भी लगाए गए हैं. उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी में भी चीन में चंद्र नव वर्ष के दौरान आतिशबाजी दुकानों में दो घातक विस्फोट हुए थे.
ये भी पढ़ें- कैथल में 17 वर्षीय लड़की का रास्ता रोककर छेड़खानी, मां की शिकायत पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









