West Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी है. इसी बीच कुछ इलाकों से गड़बड़ी और तनाव की घटनाओं की खबरें भी सामने आई हैं. राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि डायमंड हार्बर क्षेत्र की फाल्टा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीनों में बीजेपी के चुनाव चिन्ह के सामने टेप लगाया गया, जिससे मतदाताओं को उस विकल्प को चुनने में परेशानी हुई. बीजेपी ने इसे मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश बताया है.
कई बूथों पर दोबारा मतदान के आदेश
इन शिकायतों को देखते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन बूथों पर ईवीएम पर काले या सफेद टेप पाए गए हैं, वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा. साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ऐसी अनियमितताएं सामने आती हैं, तो पूरे क्षेत्र में पुनर्मतदान का निर्णय लिया जा सकता है.
सुरक्षा बलों पर डराने के आरोप
इसी बीच टीएमसी की ओर से भी बीजेपी पर पलटवार किया गया है. पार्टी ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के दौरान कुछ स्थानों पर महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्रता और हिंसा की घटनाएं हुई हैं. टीएमसी ने इन घटनाओं को “शीतलकूची जैसी स्थिति” बताते हुए दावा किया है कि राज्य के कई हिस्सों में मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है.
जनता देगी मतदान से जवाब
वहीं, टीएमसी नेताओं का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों के खिलाफ जनता में नाराजगी बढ़ रही है और इसका असर आगामी दिनों में देखने को मिलेगा. वहीं पार्टी ने यह भी कहा कि जनता मतदान के जरिए जवाब देगी. कुल मिलाकर मतदान के इस चरण में जहां एक ओर चुनाव प्रक्रिया जारी है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए माहौल को गरमा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Vivo का नया 5G फोन Vivo X300 FE, लॉन्च से पहले सामने आए बड़े फीचर्स
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









