Gujarat

कलोल एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Gujarat News : गुजरात में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सोमवार सुबह कलोल के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति किसी तरह बच गया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार काफी तेज गति में थी और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया. नियंत्रण खोते ही वाहन डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा में जा पहुंचा, जिससे यह भीषण टक्कर हुई.

खुशी का सफर बना मौत का मंजर

मृतकों की पहचान वडोदरा निवासी एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में हुई है. ये सभी राजस्थान से लौट रहे थे. हादसे में जान गंवाने वालों में साजिद इकबाल खिंजी (55), इलियास इकबाल खिंजी (50), इशाक इकबाल खिंजी (48) और रेहान अजगर खिंजी (35) शामिल हैं. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से वडोदरा में शोक की लहर फैल गई है.

स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे. क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए. प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कलोल के रेफरल अस्पताल भेजा गया.

वहीं, पंचमहल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिरकार कार का संतुलन क्यों बिगड़ा और हादसे के समय उसकी रफ्तार कितनी थी. शुरुआती आशंका यही जताई जा रही है कि तेज गति और ड्राइवर के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ.

ये भी पढ़ें- IRS Daughter Murder Case : ऑनलाइन गेमिंग और अश्लील लत में डूबा आरोपी, पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button