Other Statesराज्य

तमिलनाडु में दर्दनाक हादसा: पर्यटकों से भरी वैन खाई में गिरी, 10 की मौत

Valparai Accident : वालपारई में शनिवार को एक भीषण हादसा हुआ, जिसमें पर्यटकों से भरी एक वैन गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के समय वैन में करीब 20 लोग सवार थे, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

यह टूरिस्ट वैन पोल्लाची से वालपारई की ओर जा रही थी. पहाड़ी और घुमावदार रास्ते पर चलते समय वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया. जानकारी के मुताबिक, वैन 13वें हेयरपिन मोड़ पर फिसली और तेज रफ्तार में कई मोड़ों को पार करते हुए 9वें मोड़ तक नीचे लुढ़कती चली गई. इस दौरान वैन कई बार पलटी खाई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

घूमने के लिए तमिलनाडु आए थे यात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं, मृतकों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग मलप्पुरम के रहने वाले थे, जो घूमने के लिए तमिलनाडु आए थे. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि सभी यात्री एक ही परिवार के थे या अलग-अलग समूहों से जुड़े थे.

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर मोड़ और ढलान होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है.

साथ ही प्रशासन मृतकों और घायलों के परिजनों का पता लगाने में जुटा है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सूचना दी जा सके. इस हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.

ये भी पढ़ें- ईरान अमेरिका को सौंपेगा यूरेनियम, शांति समझौते के करीब दोनों देश, ईरान बोला- हवाई किले बनाना बंद करें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button