Bihar News : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. वह बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं. राज्यपाल ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई है.
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल गया है. उनके साथ जदयू के बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है.
बता दें कि पिछले कई दिनों से बिहार में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिल रहा था. सम्राट चौधरी शुरू से ही सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. मंगलवार (14 अप्रैल) को उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया. इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया.
सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड की तरफ से दो उपमुख्यमंत्रियों ने शपथ ग्रहण की है. जेडीयू नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी को भी राज्यपाल ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है.
सम्राट चौधरी ने बुधवार (15 अप्रैल 2026) को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. इस दौरान बीजेपी और जेडीयू समेत एनडीए के बड़े नेता शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहे. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें पक्ष-विपक्ष की तरफ से बधाई मिलने लगी है.
नई सरकार को समर्थन का आश्वासन
सम्राट चौधरी ने शपथ से पहले पंचरूप हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ किया. इसके बाद वह शपथ ग्रहण करने के लिए लोकभवन रवाना हुए. यहां नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है. हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया. इसके बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया. उन्होंने कहा कि नई सरकार यहां का काम देखेगी और उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा. बिहार विधानसभा में राजग के कुल 202 सदस्य हैं.
ये भी पढ़ें – Zerodha Coin पर नया FD फीचर लॉन्च, अब एक क्लिक में फिक्स्ड डिपॉजिट में होगा निवेश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









