Vigilance Bureau Punjab : पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (VB) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। लुधियाना कोर्ट में नायब कोर्ट के पद पर तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी 10,000 रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और आगे की जांच जारी है।
शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी
आज इस मामले की जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को लुधियाना के चंडीगढ़ रोड इलाके के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ एक मामला दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसका लाइसेंसी पिस्तौल भी अपने कब्जे में ले लिया था।
रिश्वत और जूतों की मांग
इस मामले में शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी नायब कोर्ट ने उसके लाइसेंसी पिस्तौल को वापस दिलाने में मदद करने के बदले 10,000 रुपये और Skechers के जूते की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत और जूतों की मांग से जुड़ी पूरी बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था।
विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल
रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने लुधियाना रेंज के विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पहले इसकी शुरुआती जांच की और फिर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी नायब कोर्ट को 10,000 रुपये और ग्रे रंग के Skechers जूते रिश्वत के तौर पर लेते हुए, दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में आरोपी के खिलाफ लुधियाना विजिलेंस पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में गैस एजेंसी से 108 Cylinder चोरी, जांच में जुटी पुलिस
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









