Biharराज्य

राजगीर के बाद बिहार में बनने जा रहा दूसरा ग्लास ब्रिज, नीचे दिखेगी तैरती हुई डॉल्फिन

Bihar Glass Bridge : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला से पहले बिहार के भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैवीनाथ धाम (उत्तरवाहिनी गंगा तट) में बिहार का दूसरा ग्लास ब्रिज बनने जा रहा है। राजगीर के बाद यह दूसरा कांच का पुल होगा, जिसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और सावन के दौरान श्रद्धालुओं को आकर्षण प्रदान करना है। इस ब्रिज की अनुमानित लागत लगभग 20 करोड़ रुपये है। यह ब्रिज पार्वती मंदिर के उत्तर गंगा नदी के ऊपर बनाया जाएगा और मंदिर परिसर के अनुभव को और रोमांचक बनाएगा।

ब्रिज का डिजाइन और ऊंचाई

प्रस्तावित ग्लास ब्रिज 30 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा होगा, जो लगभग 200 फीट की ऊंचाई पर स्थित रहेगा। इस पर खड़े होकर श्रद्धालु बाबा अजगैवीनाथ मंदिर, उत्तरवाहिनी गंगा और अजगैवी पहाड़ी का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि निर्माण कार्य छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इसे श्रावणी मेला से पहले उद्घाटित किया जा सके।

सुरक्षा और सुविधा

ब्रिज पर उच्च गुणवत्ता वाले पारदर्शी कांच का उपयोग किया जाएगा और एक समय में लगभग 40 लोग चल सकेंगे। ब्रिज के नीचे गंगा की गहराई और उसमें तैरती हुई डॉल्फिन का दृश्य भी देखा जा सकेगा, जो पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव होगा। परियोजना के तहत ब्रिज पर सेल्फी प्वाइंट, वेटिंग हाल और टिकट काउंटर का निर्माण भी किया जाएगा।

निर्माण कंपनी और पर्यटन को बढ़ावा

निर्माण कार्य पुणे की एक निजी कंपनी को सौंपा गया है, जिसने समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से अजगैवीनाथ धाम में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होगा।

ये भी पढ़ें – राप्ती नदी में डूबने से चार किशोरों की मौत, परिवार और गांव में पसरा मातम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button