US Iran Strike : अमेरिका-ईरान तनाव के बीच एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने मध्य ईरान के शहर इस्फहान में मौजूद एक अहम हथियार भंडार को निशाना बनाया. इस ऑपरेशन में भारी क्षमता वाले बंकर-भेदी बमों का इस्तेमाल किया गया, जिनका उद्देश्य भूमिगत और मजबूत ठिकानों को तबाह करना होता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में इस्तेमाल किए गए गोला-बारूद इतने शक्तिशाली थे कि सुरक्षित माने जाने वाले अंडरग्राउंड ठिकानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है. एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया गया कि हमले के दौरान विशेष प्रकार के पेनेट्रेटर मुनिशन का उपयोग किया गया, जिससे लक्ष्य को अधिकतम क्षति पहुंचाई जा सके.
रात के आसमान में तेज धमाकों की झलक
इन सब के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में रात के समय आसमान में तेज धमाकों की झलक दिखाई देती है. माना जा रहा है कि ये तस्वीर उसी सैन्य कार्रवाई से जुड़े हो सकते हैं.
ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ट्रंप की चेतावनी
बता दें कि इस घटना से पहले ट्रंप ने ईरान के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी दी थी, उन्होंने संकेत दिया था कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो ऊर्जा से जुड़े ठिकानों- जैसे बिजली संयंत्र, तेल क्षेत्र और खारग द्वीप-को निशाना बनाया जा सकता है.
वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह की कार्रवाई और जवाबी कदम जारी रहते हैं, तो पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में हालात और बिगड़ सकते हैं, खासकर तेल आपूर्ति और जल संसाधनों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें – राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया तीखा हमला, केरल के CM को भी लपेटा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








