Betting Apps Block : सरकार ने अवैध ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 वेबसाइट्स और ऐप्स को ब्लॉक किया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक अब तक कुल 8,400 ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इनमें से करीब 4,900 प्लेटफॉर्म्स ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू होने के बाद बंद किए गए हैं।
गैरकानूनी लेन-देन और जुए को बढ़ावा
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म्स पर मुख्य रूप से अवैध सट्टेबाजी और जुए का संचालन होता था, जिसके जरिए बड़े स्तर पर गैरकानूनी लेन-देन और जुए को बढ़ावा मिल रहा था। इसे रोकने के लिए आईटी एक्ट और अन्य संबंधित कानूनों के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर रोकथाम
ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू होने के बाद इस तरह के प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई में तेजी आई है। सरकार का कहना है कि यह कदम डिजिटल स्पेस को सुरक्षित बनाने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है।
रियल मनी गेमिंग पर बैन
प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025 के तहत देश में रियल मनी गेमिंग पर बैन लगाया जाएगा। यह बिल 20 अगस्त को लोकसभा और 21 अगस्त को राज्यसभा से पास हुआ था। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 22 अगस्त को यह कानून बन गया और 1 अक्टूबर से लागू हो गया।
विदेशी सर्वर से संचालित होती हैं वेबसाइट्स
सरकार ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म पर शिकंजा इसलिए कसा क्योंकि इनमें मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर अपराधों के मामले भी जुड़े पाए जा रहे थे। अक्सर ये वेबसाइट्स विदेशी सर्वर से संचालित होती हैं और आम नागरिकों के लिए वित्तीय जोखिम बढ़ाती हैं। इस कार्रवाई के जरिए सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Viral Video : ‘Badtameez Dil’ गाने पर पिता-बेटी का क्रेजी डांस वीडियो हुआ वायरल, मचाया घमाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









