Bomb Threat : गुजरात विधानसभा में जारी बजट सत्र के दौरान बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला. धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे विधानसभा भवन को खाली करा दिया गया. मंत्रियों, विधायकों और कर्मचारियों को तत्काल परिसर से बाहर निकाला गया. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विधानसभा भवन और परिसर की गहन तरह से तलाशी ली.
बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा भवन के हर कोने की बारीकी से जांच की. गहन तलाशी के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, तो यह स्पष्ट हो गया कि बम की धमकी झूठी थी. सभी की सुरक्षा की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया.
विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू
बम की धमकी झूठी साबित होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू कर दी गई. जो सत्र सुबह 9 बजे शुरू होना था, वह इस घटना के कारण एक घंटे की देरी से सुबह 10 बजे शुरू हो सका. पुलिस ने धमकी संदेश के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
धमकी भरे ईमेल मिले
AAP विधायक गोपाल इटालिया ने कहा कि पिछले महीनों से गुजरात में कई सरकारी इमारतों को बम धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं, उन्होंने इसे गंभीर सुरक्षा मामला बताया और कहा कि अगर उस वक्त सभी लोग विधानसभा में होते तो स्थिति और गंभीर होती. वहीं आप की ओर से उन्होंने सरकार का समर्थन करते हुए कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई.
ये भी पढ़ें – गैस, बिजली, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कल करेगी विधानसभा का घेराव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









