Rajasthanराजनीतिराज्य

राजस्थान सीएम शर्मा ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना, जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के लगाए आरोप

Rajasthan Politics : राजस्थान दिवस के अवसर में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की राजनीति और अपनी सरकार की उपलब्धियों को लेकर विस्तार से बात की। जयपुर के मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसा और दिल्ली दौरों को लेकर उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया दी।

किसी की मर्जी से काम नही किया जाता – सीएम शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जब भी दिल्ली जाते हैं, राज्य के हितों से जुड़े कार्यों के साथ ही लौटते हैं। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि किसी की मर्जी से काम नहीं किया जाता, बल्कि जनता के हित सर्वोपरि हैं। साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर सत्ता बचाने के लिए राजनीतिक रणनीतियों का आरोप भी लगाया।

भजनलाल शर्मा ने अपनी कार्यशैली पर जोर देते हुए कहा कि वे पूरी ऊर्जा के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने बजट घाटे को कम करने की दिशा में कदम उठाए हैं और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि दर्ज की गई है। उनके अनुसार, राज्य की प्रति व्यक्ति आय पहले जहां लगभग 1.67 लाख रुपये थी, अब यह 2 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है।

जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के आरोप

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार पर जल जीवन मिशन (JJM) में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि इस योजना में कथित भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं और जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार और पूरी टीम चौबीसों घंटे जनता की सेवा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें – MP में कन्यादान योजना के तहत एक साल में बसेगा 44 हजार से अधिक जोड़ों का घर, दिन भी निर्धारित

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button