बड़ी ख़बरविदेश

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच भारत को राहत, सऊदी से आने वाला तेल टैंकर सुरक्षित पहुंचा भारत  

Oil Tanker Reach Mumbai : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आने वाला एक बड़ा तेल टैंकर सुरक्षित रूप से मुंबई बंदरगाह पहुंच गया है। इस जहाज के पहुंचने से देश में तेल और एलपीजी आपूर्ति को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।

मुंबई बंदरगाह पहुंचा सऊदी क्रूड ऑयल से भरा जहाज

लाइबेरिया ध्वज वाला “शेनलॉन्ग” नामक सुएजमैक्स टैंकर बुधवार दोपहर मुंबई बंदरगाह पर पहुंचा। इस जहाज में लगभग 1,35,335 मीट्रिक टन सऊदी कच्चा तेल लाया गया है। जहाज दोपहर करीब 1 बजे मुंबई पोर्ट पहुंचा और बाद में जवाहर द्वीप पर इसकी बर्थिंग की प्रक्रिया शुरू हुई।

मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार जहाज से कच्चे तेल को उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसे पूरा होने में लगभग 36 घंटे लग सकते हैं।

रिफाइनरी में होगा प्रोसेस

जहाज से उतारे गए कच्चे तेल को मुंबई के महुल इलाके स्थित रिफाइनरी में भेजा जाएगा। यहां इसे प्रोसेस कर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी जैसे ईंधन उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इससे घरेलू एलपीजी सिलेंडर और ईंधन की आपूर्ति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

हार्मुज जलडमरूमध्य में तनाव से प्रभावित सप्लाई

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और हार्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर खतरा मंडरा रहा है। इस वजह से कई तेल टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई है और भारत सहित कई देशों में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

भारतीय कप्तान के नेतृत्व में पहुंचा जहाज

यह जहाज भारतीय कप्तान कैप्टन सुक्षांत सिंह संधू के नेतृत्व में सुरक्षित मुंबई पहुंचा। जहाज में कुल 29 क्रू मेंबर थे, जिनमें भारतीय, पाकिस्तानी और फिलिपिनो नागरिक शामिल हैं। “शेनलॉन्ग” टैंकर शेनलॉन्ग शिपिंग लिमिटेड का है और इसका संचालन एथेंस स्थित डायनाकॉम टैंकर मैनेजमेंट कंपनी करती है।

ये भी पढ़ें – बिना कोई नया टैक्स लगाए पेश किया गया बजट, पंजाबियों के कल्याण को करेगा सुनिश्चित: बरिंदर गोयल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button