Delhi NCRराष्ट्रीयलाइफ़स्टाइल

LPG संकट के बीच इंडक्शन चूल्हे की बढ़ी डिमांड, इलेक्ट्रॉनिक बाजार में लगी भीड़

LPG Crisis : मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच दुनिया के साथ-साथ भारत में भी गैस-तेल की कमी देखी जा रही है। देश में कॉमर्शियल सिलेंडरों पर अस्थाई रोक लगा दी गई है, केवल घरेलू सिलेंडर की सप्लाई की जा रही है। इसमें भी बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव कर दिया गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी लाइनें लगी हैं।

इस बीच इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ गई है। इंडक्शन चूल्हे को एलपीजी गैस का बेहतर विकल्प माना जा रहा है। एलपीजी संकट के बीच इंडक्शन चूल्हे के प्रयोग से लोगों की परेशानी कम हो सकती है। हालांकि सरकार ने आश्वस्त किया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति में दिक्कत नहीं आएगी।

ऑनलाइन बाजार में 20 गुना बढ़ी मांग

इस बीच इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इंडक्शन चूल्हे की सेल बढ़ गई है। दिल्ली, नोएडा, मुंबई, लखनऊ, जयपुर समेत देशभर के शहरों में दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। बुधवार को इंडक्शन बनाने वाली कंपनियों के शेयर में भी तेजी देखी गई। इनके शेयर में करीब 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।

अमेजॉन, फ्लिपकार्ट पर पिछले 4-5 दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री करीब 20 गुना बढ़ गई। फ्लिपकॉर्ट द्वारा जारी आंकड़ो के अनुसार, बीते 3-4 हफ्तों की तुलना में पिछले दिनों इंडक्शन की बिक्री कई गुना बढ़ गई। वहीं अमेजॉन के एक प्रवक्ता ने बताया कि अमेजॉन डॉट इन पर सामान्य दिनों की तुलना में पिछले 24 घंटों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री में 20 गुना बढ़ोतरी देखी गई।

सरपट भागे कंपनियों के शेयर

देशभर में एलपीजी गैस संकट के बीच होम अप्लाएंसेज बनाने वाली कंपनियो के शेयर में जबरदस्त बढ़ोत्तरी देखी गई।
बुधवार दोपहर तक बटरफ्लाई गांधीमथी अप्लायंसेज लिमिटेड के शेयर में 7.93 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी देखी गई। इसी तरह टीटीके प्रेस्टीज लिमिटेड के शेयर में 9.40 प्रतिशत और स्टोव क्रॉफ्ट लिमिटेड के शेयर में 5.05 प्रतिशत की तेजी देखी गई।

इंडक्शन बनेगा एलपीजी का बेहतर विकल्प

मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध के बीच देश में एलपीजी संकट गहराता जा रहा है। भारत अपने कुल एलपीजी का करीब दो-तिहाई हिस्सा विदेशों से आयात करता है। इसमें से लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा पश्चिम एशियाई देशों जैसे- कतर, यूएई, सऊदी-अरब से आयात करता है। युद्ध के दौरान इन देशों ने गैस का उत्पादन बंद कर दिया है। जिससे देश में एलपीजी गैसों का आयात नहीं हो रहा। इस दौरान कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति अस्थाई रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।

विशेषज्ञो ने सुझाव दिया है कि खाना पकाने के लिए इलेक्ट्रिक इंडक्शन को बढ़ावा देना चाहिए। यह एलपीजी का बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे एलपीजी संकट के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली नोएडा में सिलेंडर की किल्लत, कतारों में लगे लोग, गैस सिलेंडर की भारत में परेशानी क्यों?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button