
Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें उन्होंने संबोधन के दौरान जानकारी दी कि प्रदेश में विभिन्न सामाजिक और कल्याण योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को कुल 1884 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं।
लाभार्थियों के बैंक खातों में डाले गए कुल 842 करोड़ 92 लाख रुपए
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 842 करोड़ 92 लाख रुपए सीधे 26 लाख 12 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डाले गए। इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं। यह भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया गया, जो सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 फसलों के लिए 1,67,460 किसानों के बैंक खातों में कुल 711 करोड़ 69 लाख रुपए वितरित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 11 वर्षों में किसानों को फसल बीमा और मुआवजा राशि के रूप में अब तक 16,160 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं।
आढ़तियों को भी आर्थिक सहायता
सैनी ने बताया कि आज लगभग 11,199 आढ़तियों को 56 करोड़ 97 लाख रुपए सीधे उनके बैंक खातों में दिए गए। खरीफ खरीद सत्र 2025-26 के दौरान आढ़तियों को कुल लगभग 239 करोड़ 28 लाख रुपए राशि वितरित की जा चुकी है। इसके अलावा, रबी-खरीफ सत्र 2024-25 में गेहूं, धान और बाजरा पर आढ़तियों को ₹55 प्रति क्विंटल दर से कमीशन का भुगतान किया गया।
दयालु योजना के तहत आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि दयालु योजना 2 के तहत आज 5,409 परिवारों को 205 करोड़ 42 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अब तक इस योजना के तहत 55,407 परिवारों को कुल 2086 करोड़ 77 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं। यह योजना आवारा पशु के काटने या मारने से घायल होने या आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12,353 लाभार्थियों के खाते में मकान निर्माण के लिए 67 करोड़ रुपए जारी किए गए। 2016-17 से अब तक इस योजना के तहत कुल 720 करोड़ 22 लाख रुपए की वित्तीय सहायता लाभार्थियों को प्रदान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह सभी प्रयास प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने, आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और ग्रामीण एवं कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों तक धन का वितरण शीघ्र और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
ये भी पढ़ें – 2025-26 में 2.70 लाख विद्यार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य, पंजाब सरकार द्वारा ₹196 करोड़ जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









