Punjab

पंजाब की धरती से उठा सम्मान का रंग, AAP पार्टी सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने की शहीदों के नाम होली मनाने की अपील

Happy Holi 2026 : इस होली के रंगों के बीच एक ऐसी आवाज़ भी गूंज रही है जो सिर्फ उत्सव की नहीं, बल्कि कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने इस बार होली को एक विशेष संकल्प के साथ मनाने की अपील की है, एक ऐसा संकल्प जो हर भारतीय के दिल को छूता है।

देश की रक्षा के लिए किया सर्वस्व न्योछावर

डॉ. अशोक मित्तल ने कहा कि हम आज़ाद भारत में जो भी त्यौहार मनाते हैं, जो भी खुशियां साझा करते हैं, जो भी रंग अपने जीवन में भरते हैं, वह उन वीर जवानों के कारण संभव है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी शहादत ही हमारी आज़ादी की असली नींव है।

आसमान में उछालें एक मुट्ठी लाल गुलाल

उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि इस होली पर जब भी रंगों का उत्सव मनाएं, तो एक मुट्ठी लाल गुलाल आसमान की ओर उछालें। एक प्रतीक के रूप में, सम्मान के रूप में, उन शहीदों के नाम, जिनके बलिदान के कारण हम सुकून और सुरक्षा के साथ हर त्यौहार मना पाते हैं।

सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन

डॉ. अशोक मित्तल ने इसे केवल एक भावनात्मक अपील नहीं, बल्कि जनभावना से जुड़ा एक राष्ट्रव्यापी संदेश बताया। उनका कहना है कि “रंग सिर्फ खुशियों के नहीं, जिम्मेदारी के भी होते हैं। अगर हर घर, हर शहर, हर गली इस एक छोटे से संकल्प से जुड़ जाए, तो यह सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बन सकता है।

शौर्य और बलिदान की परंपरा रची-बसी

उन्होंने पंजाब की जनता का विशेष रूप से आह्वान करते हुए कहा कि यह वही धरती है जिसने देश को असंख्य वीर सपूत दिए हैं। पंजाब की मिट्टी में शौर्य और बलिदान की परंपरा रची-बसी है। ऐसे में इस बार होली का एक रंग उन शहीदों के नाम होना चाहिए, जिन्होंने सीमा पर खड़े होकर देश की रक्षा की और हमें सुरक्षित भविष्य दिया।

देशहित, ईमानदारी और जनता की सेवा सर्वोपरि

आम आदमी पार्टी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा देशहित, ईमानदारी और जनता की सेवा को सर्वोपरि मानती है। शहीदों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि भावना और संकल्प से होना चाहिए। यही वह राजनीति है जो लोगों को जोड़ती है, समाज को मजबूत करती है और देश को आगे बढ़ाती है।

दिलों में देशभक्ति का रंग

उन्होंने #EkMutthiGulaal अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक हैशटैग नहीं, बल्कि एक भाव है, देश के साथ, देश के लिए… हमेशा। होली की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. अशोक मित्तल ने कहा कि इस बार रंगों के साथ-साथ दिलों में भी देशभक्ति का रंग घुलना चाहिए। शहीदों को नमन, देश को प्रणाम, और हर भारतीय के लिए प्रेम, सम्मान और एकता का संदेश, यही इस होली का सच्चा अर्थ है, जय हिंद।

ये भी पढ़ें- Iran Israel War : ईरान पर जबरदस्ती थोपी गई जंग, इस्लामिक दुनिया पर मुसीबतें- पाकिस्तान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button