
Rajasthan Heart Attack News : पिछले कुछ सालों से हार्ट अटैक की घटना जैसे आम बात हो गई है। इसके मामले इतने तेजी से आ रहे हैं कि ऐसा लगता है ये घटना कभी भी किसी के भी साथ हो सकता है। लेकिन इस बात को स्वीकार कर पाना बेहद ही मुश्किल लगता है कि ये हादसा बच्चों के साथ भी हो सकता है। दरअसल, राजस्थान के नागौर जिले से एक बेहद ही दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक 9 वर्षीय बच्ची दिव्या को खेलते समय हार्ट अटैक आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे गोटन कस्बे स्थित गोटन इंटरनेशनल स्कूल में हुई, जब बच्ची स्कूल परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद स्कूल स्टाफ द्वारा उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सबसे बड़ी दुख की बात तो ये है कि अभी कुछ ही महीने पहले दिव्या के बड़े भाई की ऐसे ही तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। जिसको लेकर परिवार अभी गहरे सदमे में था कि अब उनकी एक और नन्हीं जान उन्हें छोड़कर चली गई।
पांचवीं कक्षा की छात्रा थी दिव्या
स्कूल निदेशक रामकुंवर ओला के अनुसार तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या बापेडिया पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। उस दिन भी वह सामान्य रूप से स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना शुरू होने में समय था, इसलिए कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान दिव्या अचानक बेहोश होकर गिर गई। घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। स्टाफ ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बिना देर किए उसे गोटन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शरीर पर नहीं मिले चोट ने निशान
डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शुरुआती जांच में बच्ची के मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना गया। हालांकि शव के पोस्टमॉर्टम के बाद उसकी वजह साफ हो जाती, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
दिव्या के भाई की चार महीने पहले हुई थी मौत
वहीं परिवार वालों ने दिव्या के ब़ड़े भाई की मौत के बारे में भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी लगभग चार महीने पहले इसी तरह हुई थी। 9 सितंबर 2025 को वह घर पर खेलते समय अचानक बेहोश हो गया था। उसे भी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। लगातार दो बच्चों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी पढ़ें – पटना में मामूली विवाद के दौरान गोलीबारी, प्याज कारोबारी की हत्या और भाई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









