Pune Mayor : महाराष्ट्र जिला परिषद के परिणाम आने शुरू हो गए हैं. पुणे में बीजेपी की उम्मीदवार और तीन बार की पार्षद मंजुषा नागपुरे को निर्विरोध मेयर चुना गया है. हालांकि पहले से ही तय था कि इस चुनाव में उनका कोई मुकाबला नहीं है, आधिकारिक घोषणा के लिए 9 फरवरी तक इंतजार किया गया.
165 सदस्यीय नगर निकाय में पार्टी की मजबूत स्थिति को देखते हुए मंजुषा नागपुरे अब मेयर की कुर्सी संभालेंगी. बीजेपी ने कुल 165 में से 119 वार्डों में जीत दर्ज की है.
अपना उम्मीदवार घोषित किया था
46 वर्षीय मंजुषा नागपुरे को बीजेपी ने पुणे मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था. वह बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी गहरा जुड़ाव रखती हैं. पार्टी ने उन्हें अन्य दावेदारों-चार बार की पार्षद वर्षा तापकिर और तीन बार की पार्षद मानसी देशपांडे-की तुलना में तरजीह दी. जानकारी के अनुसार, नागपुरे को पुणे नगर निगम की सबसे शिक्षित पार्षदों में शामिल माना जाता है.
मंजुषा नागपुरे का जन्म 1979 में हुआ
बता दें कि मंजुषा नागपुरे का जन्म 1979 में हुआ, उन्होंने 1999 में सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से स्नातक और 2021 में आईसीएफएआई विश्वविद्यालय से एमबीए की हासिल की. राजनीति में आने से पहले उन्होंने एक आईटी कंपनी में काम किया, लेकिन नगर निकाय चुनाव लड़ने के लिए नौकरी छोड़ दी. वे पहली बार 2012 में सिंहगढ़ रोड के आनंदनगर क्षेत्र से पार्षद चुनी गईं और तब से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुकी हैं.
दो बच्चों की मां और करोड़ों की संपत्ति की मालकिन
उनके पति दीपक नागपुरे बीजेपी के पदाधिकारी और दक्षिणपंथी नेता माने जाते हैं. दंपत्ति का संयुक्त व्यवसाय है और मंजुषा नागपुरे ने 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. वे दो बच्चों की मां भी हैं.
पुणे महानगरपालिका में कुल 165 सीटों के लिए चुनाव हुए. परिणामों में भाजपा ने 165 में से 119 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. वहीं, अजित पवार गुट की एनसीपी और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने मिलकर 30 सीटें जीतीं. कांग्रेस ने 15 सीटें अपने नाम कीं, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) को सिर्फ एक सीट मिली.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-NCR में तेज हवाओं से बदला मौसम, 15 फरवरी तक तापमान बढ़ने के आसार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









