Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार जल्द ही छह जिलों में ‘ब्लू क्रॉस’ वेटरनरी मेडिसिन स्टोर खोलने जा रही है, जिससे किसानों के लिए उन्नत पशु चिकित्सा सेवाएं सुलभ और किफायती हो जाएंगी।
पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन ने बताया कि इस कदम से किसानों पर वित्तीय बोझ कम होगा और ग्रामीण पशुपालन अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। मंत्री ने बताया कि ‘ब्लू क्रॉस’ स्टोर में सभी जेनेरिक दवाओं पर 30% और ब्रांडेड दवाओं पर 20% की छूट मिलेगी। यह योजना किसानों के लिए गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाओं को किफायती बनाने के लिए है।
इन जगहों पर स्थापित होंगे स्टोर
ये स्टोर गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में आधुनिक वेटरनरी पॉलीक्लिनिक के भीतर स्थापित किए जाएंगे। इन पॉलीक्लिनिक में पिछले साल से उन्नत इनडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। यह पंजाब सरकार की राज्य में मजबूत और बहु-विशेषता वाली पशु चिकित्सा प्रणाली बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
किसान पंजाब की समृद्धि की रीढ़
मंत्री खुडियन ने कहा, “हमारे किसान पंजाब की समृद्धि की रीढ़ हैं और उनके पशुओं का स्वास्थ्य सीधे उनके आय और भलाई से जुड़ा है। ब्लू क्रॉस स्टोर किसानों के लिए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
पशुओं का इलाज सहज रूप से होगा
उन्होंने बताया कि इस पहल से पशुपालकों को दवाओं की छूट मिलेगी, रोकथाम पर जोर मिलेगा और उनकी आय सुरक्षित रहेगी। पॉलीक्लिनिक में सीधे असली दवाओं की उपलब्धता से समय की बचत होगी और IPD सेवाओं के साथ दवा सेवाओं का समन्वय होने से पशुओं का इलाज शुरू से लेकर ठीक होने तक सहज रूप से होगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
उन्होंने कहा, “स्वस्थ पशु अधिक उत्पादक होंगे और इससे डेयरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की स्थिरता मजबूत होगी। पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव राहुल भंडारी ने बताया कि राज्य सरकार पशुपालन क्षेत्र में हर हितधारक को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल पंजाब को पशु कल्याण और ग्रामीण समृद्धि में अग्रणी बनाएगी।
ये भी पढ़ें- Epstein Files में 169 बार आया धर्मगुरु दलाई लामा नाम, एक्स पोस्ट पर कही यह बात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









