PM Modi Reaction : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने के बाद प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस कदम के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी व्यक्त की.
पीएम मोदी ने कहा, “आज अपने मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. खुशी है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर लगाए जाने वाले टैरिफ में 18% की कमी होगी. इस फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप का तहे दिल से धन्यवाद.
उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं
जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं, तो इसके लाभ सीधे हमारे लोगों तक पहुंचते हैं और दोनों देशों के लिए सहयोग के कई अवसर खुलते हैं. वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अहम है. भारत उनके शांति प्रयासों का पूरी तरह समर्थन करता है और मैं इस साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं.
टैरिफ अब 18 प्रतिशत घटा दिया
मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी, लेकिन बातचीत की विस्तार से जानकारी नहीं दी. इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत का ब्यौरा साझा किया और बताया कि टैरिफ अब 18 प्रतिशत घटा दिया गया है.
शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर दिया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अमेरिका और भारत के बीच पारस्परिक टैरिफ में बदलाव पर सहमति बन गई है. इसके तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगे शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर दिया है और वह भारत से आयात पर लागू शुल्क और गैर-टैरिफ बाधाओं को भी धीरे-धीरे शून्य करने की दिशा में कदम बढ़ाएगा.
हमारा रिश्ता अब और मजबूत होगा
डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि “हमारा बेहतरीन रिश्ता अब और मजबूत होगा,” उन्होंने खुद और पीएम मोदी को ऐसे नेता के रूप में पेश किया जो काम करते हैं और समझौतों को पूरा करते हैं. यह बातचीत उस दिन हुई जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा की शुरुआत की थी.
ये भी पढ़ें- Budget 2026 : बजट में सिगरेट महंगी-बीड़ी सस्ती, ये है शराब का अपडेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









