बड़ी ख़बरमौसम

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से NH-44 बंद

Weather Update : दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसके साथ ही जानमाल को भी काफी नुकसान हुआ है। शुक्रवार की सुबह तेज आंधी और बारिश के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से चार मौतें राजधानी दिल्ली में हुई हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें शनिवार 3 मई को भी हरियाणा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ

इसी बीच जम्मू-कश्मीर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। रामबन जिले के चंबा सेरी इलाके में भारी भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) को बंद कर दिया गया है। यह मार्ग घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली प्रमुख जीवनरेखा है, और इसके बंद होने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था ठप हो गई है, बल्कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को तेज हवाओं और अचानक मौसम परिवर्तन से सतर्क रहने की सलाह दी है।

धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है

वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों जैसे अंबेडकर नगर अमेठी आजमगढ़ बहराइच बलिया और गोरखपुर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ गाजियाबाद नोएडा हापुड़ शामली सहारनपुर जैसे जिलों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।

तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड हिमाचल पंजाब राजस्थान पूर्वी मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी बिजली गिरने और धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी विमानों पर भारत की बड़ी कार्रवाई, एयरस्पेस बंद करने का लिया फैसला, कंगाल पाकिस्तान की बढ़ेंगी मुश्किलें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button