
Weather Forecast : मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका है। विशेष रूप से उत्तर पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दक्षिण-पश्चिम राजस्थान ओडिशा छत्तीसगढ़ दक्षिण गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में शुक्रवार की सुबह तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया है। भारी बारिश की वजह से सुबह के समय ऑफिस आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो घंटों के भीतर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना
वहीं पालम मौसम केंद्र ने 74 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की पुष्टि की है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत बनी रहेगी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो घंटों के भीतर दिल्ली में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं गुरुवार को सफदरजंग स्थित दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। सुबह 8:30 बजे हवा में नमी का स्तर 59 प्रतिशत था, जो शाम 5:30 बजे तक घटकर 43 प्रतिशत रह गया।
पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से कच्चे मकानों पेड़ों और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही बिजली और संचार लाइनों के बाधित होने की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पक्के मकानों में शरण लें पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और खुले में न निकलें।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी विमानों पर भारत की बड़ी कार्रवाई, एयरस्पेस बंद करने का लिया फैसला, कंगाल पाकिस्तान की बढ़ेंगी मुश्किलें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप