Uttarakhandबड़ी ख़बर

पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में बस गिरने से 5 की मौत, कई घायल

Uttarakhand Road Accident : उत्तराखंड के पौड़ी शहर से केंद्रीय विद्यालय जाने वाले मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक बस हादसा हुआ है, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मिनी बस अनियंत्रित होकर 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार मच गई थी।

बस संख्या UK12PB0177 पौड़ी बस अड्डे से श्रीनगर की ओर करीब 3 बजे रवाना हुई थी। हादसा पौड़ी तहसील के कोठार बेंड के पास 4 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 20 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि यह बस पौड़ी शहर से देहलचौरी की ओर जा रही थी। सत्याखाल के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। गिरते समय बस पेड़ से टकराई, जिससे वह और नीचे जाने से रुक गई। हालांकि, हादसे के कारण बस के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।

गंभीर रूप से घायलों को किया गया रेफर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। घायलों को खाई से निकालने के लिए रस्सियों और अन्य उपकरणों का सहारा भी लिया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

अब तक की जानकारी के अनुसार, हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों की पहचान की जा रही है. वहीं, घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

जिलाधिकारी मौके पर मौजूद 

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान खुद मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य तेज किया। साथ ही, उन्होंने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए परिवहन विभाग को निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित किया कि पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाए।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “पौड़ी में केंद्रीय विद्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार यात्रियों के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है एवं घायलों का नजदीकी चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

विधानसभा स्पीकर ने हादसे पर जताया दुख 

उत्तराखंड विधानसभा की स्पीकर रितु खंडूरी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस हादसे में कुछ यात्रियों की मौत से बेहद दुख हुआ और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगतों को शांति मिले और घायलों को जल्द ठीक होने की कामना की।

यह भी पढ़ें : PM मोदी कल करेंगे सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन, जानिए क्या- क्या हैं सुविधाएं

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button