दिल्ली : जेल में अरविंद केजरीवाल की जान खतरे में, झूठे बयान पर ईडी ने गिरफ्तार किया : सुनीता केजरीवाल

Share

दिल्ली : आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी और जेल में उनके स्वास्थ्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ को लेकर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों ने जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन किया। जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में आप, कांग्रेस, सपा, सीपीआई, सीपीआईएमएल, शिवेसना उद्धव गुट, सीपीएम, एनसीपी शरद पवार गुट, टीएमसी समेत अन्य दलों के प्रमुख नेता एकत्र हुए और केजरीवाल को रिहा करने की मांग की। इसके अलावा, असम, राजस्थान, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड, हिमाचल में भी आप समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान सुनीता केजरीवाल ने कहा कि जेल में अरविंद केजरीवाल की जान खतरे में है। उनको साजिश के तहत एनडीए सांसद मगुंटा रेड्डी के झूठे बयान पर ईडी ने गिरफ्तार किया है। ट्रायल कोर्ट ने जब उनको जमानत दे दी तो ईडी ने अपने वकील के भाई की कोर्ट में जाकर स्टे ले लिया और फिर सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मोदी सरकार अरविंद केजरीवाल की सेहत से खिलवाड़ कर रही है और फर्जी केस लगाकर उनको बदनाम करने की साजिश रच रही है।

इस दौरान सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को एक गहरे राजनीतिक षड्यंत्र के तहत जेल में डाला हुआ है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मार्च महीने में ईडी ने एनडीए के सांसद मगुंटा रेड्डी के झूठे बयान के आधार पर, बिना किसी सबूत के सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। मगुंटा रेड्डी सिर्फ एक बार अरविंद केजरीवाल से मिले थे। वो दिल्ली में अपनी चैरिटेबल ट्रस्ट खोलने के लिए जमीन की मांग को लेकर सीएम से मिले थे। ईडी ने इस मुलाकात को घुमा दिया और मगुंटा रेड्डी के बेटे को जेल में डाल दिया। उसको पांच महीने जेल में रखा। इस बीच उनकी माता जी बीमार हो गईं और उनकी पत्नी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद ईडी ने मगुंटा रेड्डी पर अरविंद केजरीवाल पर 100 करोड़ रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाने का दबाव बनाया। दोनों में डील हो गई और मगुंटा रेड्डी के झूठे बयान पर ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने केजरीवाल को एक षड़यंत्र और दबाव के तहत गिरफ्तार किया।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने सीएम को जमानत देते हुए कहा कि बेल का लॉलीपॉप देकर एक बयान पर बिना सबूत के सीएम को गिरफ्तार किया गया। ट्रायल कोर्ट से केजरीवाल को जमानत मिलते ही केंद्र सरकार ने तत्काल दो एक्शन लिया। पहला, ईडी अपने वकील के भाई की कोर्ट में जाकर सीएम की जमानत पर स्टे ले लिया। दूसरा, सीबीआई ने मगुंटा रेड्डी के ही बयान पर सीएम को गिरफ्तार कर लिया। इसका मकसद यह है कि सीएम को जेल से बाहर नहीं निकलने देना है। यह सब राजनीतिक षड़यंत्र के तहत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को 22 साल से डायबिटीज है और शुगर कंट्रोल करने लिए इंसुलिन लेते हैं। जेल में उनको इंसुलिन देना बंद कर दिया गया। इंसुलिन दिलाने के लिए हमें कोर्ट जाना पड़ा। इस षड़यंत्र के तहत उनकी बीमारी को नजर अंदाज किया गया। अरविंद केजरीवाल के हाथ पर एक सेंसर लगा हुआ है। डायबिटीज मापने के रीडर के जरिए सेंसर से रीडिंग लेते हैं, जिससे शुगर का स्तर पता चलता है। रीडर में पूरे दिन की शुगर लेवल रिकॉर्ड होता है। आमतौर पर 70 से नीचे शुगर जाती है तो मरीज को कपकपाहट महसूस होती है। घबराहट होती है, पसीने आते हैं। यह सब लो शुगर के लक्षण हैं। घर में कई बार शुगर नीचे गई है, तब हम शुगर लेवल मेंटेन रखने के लिए उनको कुछ मीठा खाने को देते हैं। कुछ दिन पहले हमें पता चला कि जेल में उनकी शुगर लगातार डाउन है। रात में सोने के दौरान उनकी शुगर लेवल 34 बार नीचे गई है। ईश्वर का शुक्र है कि उनके साथ कुछ अनहोनी नहीं हुई। उनकी जान को बहुत खतरा है और षड़यंत्र के तहत उनकी बीमारी को नजर अंदाज किया जा रहा है।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अभी एलजी साहब ने एक चिट्ठी लिखकर मुख्यमंत्री पर आरोप लगाए हैं कि अरविंद केजरीवाल जानबूझ कर कम खा रहे हैं। एलजी यह क्या मजाक कर रहे हैं। इसका मतलब है कि अरविंद केजरीवाल कम खाकर अपनी ही जान को खतरे में डाल रहे हैं। दूसरी तरफ, ये भी कह रहे हैं कि सीएम इंसुलिन कम ले रहे हैं। एलजी साहब से कहना चाहती हूं कि जब शुगर लेवल हाई होती है, तब इंसुलिन की जरूरत पड़ती है। अरविंद केजरीवाल की शुगर 50 से नीचे जा रही है। ऐसे में इंसुलिन लेकर वो खुद को खत्म करना चाहेंगे। दिल्ली और देश की जनता बताए कि क्या यह भाजपा की केंद्र सरकार का षड़यंत्र नहीं है। भाजपा फर्जी केस और सेहत के साथ खिलवाड़ करके जनता द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री को बदनाम कर रही है। इनका केवल एक ही मकसद है कि कैसे भी करके दिल्ली के कामों को रोकना है। क्योंकि अरविंद केजरीवाल किसी न किसी तरह से दिल्ली के लोगों का काम नहीं रूकने देते हैं। वो लड़ाई कर-कर सब काम करवाते हैं। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को सात सांसद दिए हैं। भाजपा के इन सातों सांसदों ने दिल्ली के लिए क्या काम किया है? इन लोगों की केवल नफरत और काम रोकने की राजनीति है। लेकिन दिल्लीवालों के मुख्यमंत्री इन सब बातों से नहीं डरने वाले हैं। वो दिल्ली के लोगों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उनमें सेवा का बहुत जज्बा है और मुझे उम्मीद है कि दिल्ली की जनता उनका साथ देगी।

भाजपा पार्टियां चुराती है, शिवसेना का तीर कमान, शरद पवार की घड़ी, चौटाला की चप्पलें चुरा ली- भगवंत मान

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि इंडिया गठबंधन की एक ही अवाज है, इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। 400 पार का नारा दे रही भाजपा 240 में ही सिमट गई। भाजपा का थोड़ा अहंकार तो कम हुआ है, लेकिन फिर भी उसमें अहंकार है और यह अहंकार देश की जनता तोड़ेगी। भाजपा पार्टियां चुराती है। शिवसेना का तीर कमान, शरद पवार की घड़ी, चौटाला की दो चप्पलें चुरा ली। भाजपा के साथ जो आता है उसको ये लोग खा जाते हैं। भाजपाई देश चुराने वाले लोग हैं और हम देश बचाने वाले लोग हैं। मोदी जी ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को शानदार बनने वाले शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बनाने वाले सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल जहां जाते हैं, भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाता है, इसलिए उनको उठाकर जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल को रोज इंजेक्शन लेना पड़ता है, फिर भी वो देश के लिए लड़ रहे हैं। केजरीवाल का क्या कसूर दिया, जो उनको मोदी जी ने जेल में डाल दिया। उन्होने स्कूल, अस्पताल बना दिए, बिजली फ्री कर दी। इनकी जांच एजेंसियां केजरीवाल का कसूर नहीं बता रही हैं। इन्होंने नियम बना दिया है कि आपको खुद बेकसूर साबित करना है, तब जमानत मिलेगी। जुल्म की हद होती है। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली पार्टी है। आप ने आम लोगों को विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री बना दिया और आम आदमी लोगों के बारे में सोचती है।

मोदी सरकार ने बिना सबूत के दिल्ली के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को जेल में रखा है- संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के राज्य सभा संजय सिंह ने कहा कि आज हमारे परिवार के मुखिया अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। मोदी सरकार ने बिना किसी सबूत और आधार के दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री को जेल में डालकर रखा है। इन्होंने मुझे भी 6 महीने जेल में रखा। लेकिन वो तानाशाह हैं तो हम आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। हम तानाशाही के खिलाफ लड़ने वाले केजरीवाल के सिपाही हैं। अब तक कई बार अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल कई बार 50 से नीचे जा चुका है। इसका मतलब है कि वो कभी भी कोमा में जा सकते हैं, उनके जीवन पर गंभीर संकट आ सकता है। लेकिन ये जालिम सरकार, भारत की न्यायपालिका के इतिहास में पहली बार हुआ जब लोअर कोर्ट ने जमानत दे दी तो बिना आदेश की कॉपी के ईडी ने हाई कोर्ट से बेल पर स्टे ले लिया। भाजपा हमारी रिहाई पर रोक लगा सकती है, लेकिन अरविंद केजरीवाल दिल्लीवालों के दिलों में बसते हैं, वो इसे नहीं रोक सकती है। केजरीवाल देश के दिल में बसते हैं। भाजपा चाहे जितनी भी तानाशाही और दादागिरी कर ले, लेकिन हम झुकने और रुकने वाली नहीं हैं। हम इसी तरह अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आगे बढ़ते रहेंगे।

सीएम अरविंद केजरीवाल को असंवैधानिक रूप से गिरफ्तार करके रखा गया है- प्रमोद तिवारी

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक नेता इस संघर्ष में आम आदमी पार्टी के साथ है। पहले अरविंद केजरीवाल की नाजायज गिरफ्तारी करवाई गई। फिर मामला अदालत में गया और वहां से उनको जमानत मिल गई, लेकिन भाजपा में अरविंद केजरीवाल का खौफ इतना है कि वो किसी भी तरह उन्हें जेल से बाहर नहीं आने देना चाहती, इसलिए कोर्ट का आदेश आए बिना ही ईडी ने हाईकोर्ट से बेल पर स्टे ले लिया। फिर जब उसमें जमानत मिली तो सीबीआई से गिरफ्तार करवा लिया। ये बदनीति के अलावा कुछ नहीं है। एक मुख्यमंत्री जो जनता के भारी बहुमत से निर्वाचित हुआ है, उसे असंवैधानिक रूप से गिरफ्तार करके रखा गया है। उन्हें लगता है कि गिरफ्तार करके वो हमें तोड़ सकते हैं। जबकि भाजपा में जाने का विकल्प तो हमारे पास पहले भी था लेकिन हम न तब उसके सामने झुके थे, न आज झुके हैं और न ही कल झुकेंगे। मोदी के पाप का घड़ा भर गया है। इन्होंने अमानवीयता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। केजरीवाल का शुगर लेवल खतरनाक स्तर पर गिर रहा है। इंसानियत के नाते भी उनको रिहा करना चाहिए था, लेकिन उसका भी विरोध हो रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि अगर भाजपा को इस बात का भ्रम है कि वो पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल करके विपक्ष के किसी भी नेता को डरा सकती हैं तो इंडिया गठबंधन की इस सभा ने उसका ये भ्राम तोड़ दिया है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि उनका 56 इंच का सीना है, लेकिन वो ईडी-सीबीआई के फीछे छिपते हैं। अगर 2024 का लोकसभा चुनाव निष्पक्ष हुआ होता तो मोदी जी विपक्ष में बैठे होते और हम सब सत्ता में बैठे होते। भाजपा की जमीन दरक चुकी है, 2024 चुनाव के बाद से उससे कोई नहीं डरता है। आज भाजपा सबसे डरी हुई है।

नीतियां बनाना राज्य सरकार का काम है, देश के इतिहास में पहली बार इसके लिए किसी मुख्यमंत्री को जेल भेजा गया है- शरद पवार

एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि दिल्ली की जनता ने लगातार तीन बार भारी बहुमत देकर अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता सौंपी है। भाजपा ने दिल्ली नें जीतने की लाख कोशिश की, लेकिन जनता ने उसे उसकी जगह दिखा दी। अरविंद केजरीवाल जनता के प्रधान हैं। जनता ने उन्हें समर्थन दिया है। अरविंद केजरीवाल और दिल्ली में उनकी सरकार ने पिछले सालों में ये साबित करके दिखाया है कि एक अच्छा शासन किस तरह चलाया जाता है और कैसे उससे लोगों की समस्याएं दूर की जा सकती हैं। उन्होंने देश के सामने एक आदर्श रखा है। जब कोई सरकार अच्छा काम कर रही है और उसे जनता का भी समर्थन मिल रहा हो, तो केंद्र सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह उसका सहयोग करे। लेकिन पूरे देश ने देखा कि अरविंद केजरीवाल के अच्छे शासन से नाराज केंद्र की भाजपा सरकार ने कानूनों का उल्लंघन करते हुए अरविंद केजरीवाल और अन्य नेताओं को जेल में भेज दिया। दिल्ली सरकार ने कोई गलत काम नहीं किया। नई नीतियां लाना राज्य सरकार का काम होता है। लेकिन एक नीति बनाने पर राज्य के मुख्यमंत्री को जेल में भेजा गया, देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।

केवल राजनैतिक उद्देश्य के लिए केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है, क्योंकि वो जनता के काम कर रहे थे- अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि एक मुख्यमंत्री जो जनता के लिए काम कर रहा था, केवल अपने राजनैतिक उद्देश्य के लिए उनकी गिरफ्तारी करवाई गई है। लोकतंत्र में जनता सबसे ताकतवर होती है। ये लोग 400 पार का दावा करते थे, लेकिन देश की जनता ने उन्हें बहुमत तक नहीं दिया। प्रधानमंत्री अपनी सीट तो जरूर जीते हैं, लेकिन वोटों से हार गए हैं। भाजपा को ये संदेश समझना चाहिए कि जनता उनके खिलाफ है। आम आदमी पार्टी के नेता भले ही जेल मे हैं लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं का मनोबल नीचे नहीं हुआ। अरविंद केजरीवाल भले ही बाहर नहीं है, लेकिन एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़े होकर उनकी रिहाई के लिए लड़ रहा है। आज उत्तर प्रदेश में आजम खान के पूरे परिवार को भी प्रताड़ित किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी और सपा डरने वाली नहीं है। अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर जितनी चिंता उनके परिवार, पत्नी और कार्यकर्ताओं को है उतनी ही चिंता हम सबको भी है। केवल राजनैतिक फायदा लेने के लिए ये अन्याय किया गया है। उनके खिलाफ चल रहे सभी मुकदमे खत्म होने चाहिए और उन्हें जेल से रिहा करना चाहिए। ऐसी कई संस्था हैं जो जानबूझकर नेताओं को बदनाम और अपमानित करने के लिए झूठे मुकदमे लगाती हैं, हम सत्ता में आने के बाद इन संस्थाओं को हमेशा के लिए खत्म कर देंगे। हमारे लोकतंत्र और संविधान में किसी को झूठ के आधार पर फंसाना नहीं लिखा है।

भाजपा ने इतिहास से सबक लिया होता तो केजरीवाल को छूने की मूर्खता नहीं करती- राम गोपाल यादव

सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि दिल्ली में लगातार बुरी तरह से पराजित होने के बाद भाजपा ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को झूठे मामले में फंसाकर जेल में डाल दिया। लेकिन अंत में सत्य की ही जीत होगी। अरविंद केजरीवाल जल्द जेल से बाहर होंगे और केंद्र सरकार की व्यवस्था को बदलने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। भाजपा को लगने लगा था कि अरविंद केजरीवाल और अन्य लोग मिलकर केंद्र सरकार को उखाड़ फेकेंगे। इतिहास इस बात का गवाह है कि तानाशाह को अपनी परछाई से भी डर लगने लगता है। इसलिए जो उन्हें मजबूत लग रहा है, उसे केंद्रीय एजेंसियों के जरिए तोड़ने और कमजोर करने के लिए जेल में भेज देती है। 5 साल तक इसकी सरकार चलने वाली नहीं है। इसका जीवन अधिकतम एक साल है। वक्त आने पर जनता उन्हें उखाड़ कर फेंक देगी। केजरीवाल बहुत बहादुर हैं, वो कभी डरे और झुके नहीं। अगर भाजपा ने इतिहास से सबक लिया होता तो वह केजरीवाल को छूने की मूर्खता नहीं करती।

तानाशाह को संसद से नहीं, सड़क से डर लगता है, इस ताकत को बढ़ानी होगी- मनोज झा

आरजेडी के सांसद मनोज झा ने कहा कि यह लड़ाई बहुत लंबी है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन हो या पहले संजय सिंह, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन हो। हाईकोर्ट ने हेमंत सोरेन को जमानत देते हुए कहा कि एक प्रतिशत भी कहीं इनके दोष का आधार नहीं है। लेकिन हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल का यह दोष है कि ये देश के दो सबसे ताकतवर लोगों के खिलाफ खड़े हो रहे हैं। इन दो ताकतवर लोगों को लगता है कि संविधान उनके दरवाजे पर बंधी हुई गाय है। जनता की मेहनत की बदौलत आज 400 पार का नारा लगाने वालों को 240 के लाले पड़ गए। यह 240 बहुत जल्द 140 में तब्दील होगा। सड़कों पर उतरने की हमारी यह रवायत बनी रहनी चाहिए। तानाशाह को संसद से नहीं, सड़क से डर लगता है। सड़क की ताकत तो बढ़ाना होगा। यहां सवाल सिर्फ केजरीवाल का नहीं है, बल्कि सवाल यह है कि यह देश बचेगा या नहीं बचेगा। देश को बचाने की जिम्मेदार हर एक व्यक्ति की है।

केजरीवाल को एक साजिश के तहत सीबीआई से गिरफ्तार कराया गया, ताकि उनको जेल में रखा जा सके- दीपांकर भट्टाचार्य

सीपीआईएमएल पार्टी के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश में लगातार तानाशाही थोप रही है। भारत की जनता ने इस तानाशाही के खिलाफ लोकसभा चुनाव में अपना जनादेश दिया। लेकिन इसके बावजूद यह राजनीतिक साजिश जारी है। छह महीने पहले अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया था। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को चुराने के मकसद से ये सारी साजिशें रची थीं। लेकिन हमने देखा कि तमाम साजिशों के बावजूद हेमंत सोरेन बाहर आए और सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत को जायज माना। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रचार के लिए अरविंद केजरीवाल को भी 20 दिनों की जमानत दी थी। आज उन्हें ईडी मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है, लेकिन अब सीबीआई को आगे करके उनकी जेल की अवधि बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। यह सब कुछ एक साजिश के तहत किया जा रहा है। पहले केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर दिल्ली सरकार के अधिकारों को छीना और दिल्ली पर एलजी की तानाशाही थोपी। एक तरफ दिल्ली में भारी बहुमत से जीती हुई सरकार के अधिकारों में कटौती की जा रही है और दूसरी तरफ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को भी फर्जी केस में जेल में डालकर दिल्ली को अस्थिर करने की साजिश की गई। जिसका परिणाम आज दिल्ली देख रही है। इस समय दिल्ली में फैली अराजकता के लिए पूरी तरह से मोदी सरकार जिम्मेदार है। मोदी सरकार ने दिल्ली के छात्रों की जान ले ली।

केंद्र की सत्ता में आने के बाद से भाजपा ने लगातार लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है- डी. राजा

सीपीआई के वरिष्ठ नेता डी. राजा ने कहा कि केंद्र की सत्ता में आने के बाद से भाजपा ने लगातार लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। एक तरफ हम दुनिया में सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने का दावा करते हैं और दूसरी तरफ दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झूठे केस में जेल में बंद हैं। पहले कहते थे कि लोकतंत्र, लोगों द्वारा लोगों के लिए होता है, लेकिन जबसे भाजपा सरकार में आई है, तबसे लोकतंत्र लोगों से दूर हो गई है। मोदी सरकार एजेंसियों के जरिए विपक्षी दलों को टार्गेट कर रही है, ताकि विपक्ष खत्म हो जाए। अरविंद केजरीवाल भी इसी साजिश के शिकार हैं। अरविंद केजरीवाल डायबिटीज के मरीज हैं और उनका स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है। लेकिन इसे नजर अंदाज किया जा रहा है। जबकि देश का नागरिक होने के नाते उन्हें जेल में सारी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का अधिकार है। उनके परिवार को भी उनसे नहीं मिलने दिया जा रहा है। ये किस तरह का लोकतंत्र है? यह देश के लिए शर्म की बात है। जनता को इसके बारे में सोचना होगा।

भाजपा दिल्लीवालों और केजरीवाल की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है, दिल्ली इसे बर्दाश्त नहीं करेगी- गोपाल राय

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि आज जेल में अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, उनका शुगर लेवल 50 से नीचे जा रहा है लेकिन देश की तानाशाह सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। राउज एवेन्यू कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को जमानत दे दी, लेकिन सीबीआई का फर्जी केस लगाकर उन्हें फिर जेल में डाल दिया गया। आज केवल दिल्ली के मुख्यमंत्री जेल में नहीं है, बल्कि उनको चुनने वाले दिल्ली के लाखों लोगों को भी भाजपा ने बंधक बना रखा है। राजेंद्र नगर में तीन छात्रों ने अपनी जान गंवा दी। इसके लिए जिम्मेदार केंद्र की भाजपा सरकार और एलजी चुप हैं। मोदी सरकार ने अध्यादेश लाकर दिल्ली सरकार से सारे अधिकार छीनकर एलजी को दे दिया। इनको सारे अधिकार चाहिए, लेकिन जब जवाबदेही की बारी आती है तो पीठ दिखाकर भाग जाते हैं। अगर भाजपा में हिम्मत है तो सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक दिल्ली सरकार को उसके अधिकार वापस करे और अरविंद केजरीवाल को जेल से बाहर करे। हमें अधिकार मिलते ही अगर दिल्ली के अधिकारी थर-थर कांपने न लगें तो अरविंद केजरीवाल का नाम बदल देना। भाजपा दिल्लीवालों और मुख्यमंत्री केजरीवाल की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है, दिल्ली उसे बर्दाश्त नहीं करेगी। हम इस लड़ाई को लड़ेंगे और जीतेंगे।

जब हमारे पास सत्ता आएगी, तब हम दिखाएंगे कि ईडी-सीबीआई क्या होती है?- संजय राउत

शिवसेना उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और अरविंद केजरीवाल का डीएनए एक जैसा ही है। हम साथ लड़ेंगे। पूरा देश अरविंद केजरीवाल को प्यार करता है। इस संघर्ष की घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। संजय सिंह 6 महीने जेल में रहकर आए। मैं खुद 4 महीने जेल में रहकर आया हूं। इस अन्याय की परिसीमा खत्म होगी। गुजरात के इन दो तानाशाहों जैसा डरपोक कोई नहीं है। कल जब हमारे हाथ में सरकार आएगी तब दिखाएंगे कि ईडी-सीबीआई क्या होती है। यही ईडी-सीबीआई इनके हाथ में हथकड़ी पहना कर ले जाएगी। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सेनापति हैं। हम योद्धा हैं और अपनी लड़ाई लड़ना जानते हैं। जब तक केजरीवाल और अन्य नेता जेल से बाहर नहीं आ जाते, हमारी ये लड़ाई सड़क और संसद में जारी रहेगी।

दिल्ली की परेशानियों के लिए असली जिम्मेदार मोदी सरकार है- सागरिका घोष

टीएमसी नेता सागरिका घोष ने कहा कि टीएमसी तानाशाही के खिलाफ इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी के साथ है। बड़े अफसोस की बात है कि देश की राजधानी तो लोकतंत्र का प्रतीक है, वहां अब तानाशाही चल रही है। दिल्ली के तीन बार चुने हुए सीएम अरविंद केजरीवाल को बिना किसी सबूत के महीनों से जेल में रखा गया है, ताकि आम आदमी पार्टी कमजोर हो जाए। ये लोग आम आदमी पार्टी को खत्म कर देना चाहते हैं। लेकिन हम ये नहीं होने देंगे। दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। अभी एक घटना में तीन मासूमों ने अपनी जान गवा दी। केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी की सरकार पर ऊपर दोष डाल रही है। जबकि वो हर वक्त उसके काम रोकने में लगी रहती है। दिल्ली की परेशानियों के लिए असली जिम्मेदार मोदी सरकार है। उनका एजेंडा है कि आम आदमी पार्टी को खत्म करके दिल्ली पर कब्जा कर लिया जाए। लोकसभा चुनाव में जनता ने मोदी सरकार का अहंकार तोड़ दिया है। अब मोदी जी की उलटी गिनती शुरु हो गई है। आज ये लोग देश की हर पार्टी के साथ अत्याचार कर रहे हैं। ईडी बंगाल में भी जगह-जगह रेड कर रही है। लेकिन हमारी ये लड़ाई जारी रहेगी।

लोकसभा चुनाव में हारने बाद भी भाजपा का व्यवहार नहीं बदला है- सीताराम येचुरी

सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि पिछले 10 साल से देश के संविधान और जलतंत्र को खत्म करने की साजिश की जा रही है। सोमवार को अपनी पांचवी चार्जशीट में पहली बार सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल का नाम दिया। इन्हें जैसे ही लगा कि केजरीवाल ईडी के केस में बाहर आ जाएंगे तो उससे पहले ही सीबीआई का फर्जी केस लगवा दिया। अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य खराब है। उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाना चाहिए। लेकिन हम इस सरकार का चरित्र जानते हैं। लोकसभा चुनाव में हारने बाद भी भाजपा का व्यवहार नहीं बदला है। अभी तक अपराध साबित होने से पहले व्यक्ति निर्दाेष होता था, लेकिन अब जब तक आप खुद अपनी बेगुनाही साबित नहीं करते, तब तक आप अपराधी हो। इसी तरह अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को भी जेल में डाला गया है। यह हिंसा हैं। ये सवाल अब जांच का नहीं, बल्कि राजनीति का है कि ये लोग हार मानकर अपनी राजनीति छोड़ दें। इन्होंने पूरे देश में विपक्ष के साथ यही किया है। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। देश की जनता इसे मंजूरी नहीं देगी।

केजरीवाल का शुगर लेवल कई बार 50 से नीचे जा चुका है, ये बहुत खतरनाक है- तिरुचि शिव

डीएमके नेता तिरुचि शिवा ने कहा कि देश में आज अघोषित आपातकाल की स्थिति बनी हुई है। आम आदमी के अधिकारों को छीना जा रहा है। एक सरकार शक्तिशाली हो सकती है, लेकिन उसे इतना क्रूर और अमानवीय नहीं होना चाहिए। अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल कई बार 50 से नीचे जा चुका है और ये बहुत खतरनाक है। हाई शुगर को एक बार के लिए ठीक किया जा सकता है, लेकिन लो शुगर लेवल में बिना सही देखभाल और भोजन के व्यक्ति को कुछ भी हो सकता है। केजरीवाल केवल आम आदमी पार्टी के नेता नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल में हैं। जेल में उनके साथ अमानवीयता का व्यवहार करके मोदी सरकार क्या हासिल करना चाहती है? उसे नहीं भूलना चाहिए कि ये एक लोकतांत्रिक देश है। यहां जनता सबकुछ तय करती है। भाजपा हमेशा सत्ता में रहने वाली नहीं है।

भाषण के दौरान भावुक हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान

जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी के आह्वान पर आयोजित इंडिया गठबंधन के विशाल प्रदर्शन के दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान संबोधन के दौरान भावुक हो गए। इस दौरान उन्होंने खुद को संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन वो खुद को रोक नहीं पाए और अरविंद केजरीवाल को याद कर उनकी आंखें भर आई। अचानक भगवंत मान के भावुक होने से वहां मौजूद समर्थक आक्रोशित हो गए और मोदी सरकार व भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ सेकेंड बाद उन्होंने अपने आप को संभाला और अपने संबोधन को खत्म किया।

देश के अलग-अलग हिस्सों से केजरीवाल के समर्थन में उठी आवाज

केंद्र की तानाशाही के खिलाफ देश के अलग-अलग प्रांतों में प्रदर्शन हुआ। जम्मू कश्मीर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र के पुणे में डिस्ट्रिक्ट मेजिस्ट्रेट दफ्तर के बाहर भी आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की गुंडागर्दी और अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शवन किया। इसके अलावा बिहार में पटना के इनकम टैक्स गोलंबर ऑफिस के बाहर और उत्तराखंड के रुद्रपुर में दर्शन लाल चौक के पास पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भी भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के साथ हो रहे अत्याचार और उनकी जान से खिलवाड़ करने की साजिश के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इसके अलावा, गुजरात, असम, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में भी अरविंद केजरीवाल की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक में दूसरा पदक जीतने पर सीएम योगी ने मनु भाकर को दी बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप