
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से रोकने के लिए भाजपा के दबाव में चुनाव आयोग राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण की प्रक्रिया में बड़े बदलाव कर रहा है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार चुनाव आयोग एक राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण के लिए विशेष बदलाव करते हुए ऑब्जेक्शन की 30 दिन की अवधि को घटाकर 7 दिन कर रहा है। आचार संहिता लगने के बाद चुनाव से महज 25 दिन पहले राजनीतिक पार्टी का पंजीकरण करने जा रहा है।
आचार संहिता लगने के बाद चुनाव से महज 25 दिन पहले राजनीतिक पार्टी का पंजीकरण करने जा रहा है- राघव चड्ढा
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल है कि ऐसी क्या जरूरत पड़ गई कि कानूनों को बदलकर रातों रात विशेष राजनीतिक पार्टी को पंजीकृत कराने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। राजनीतिक पार्टी जो पंजीकृत होगी वह देश की जनता के सामने भारतीय जनता पार्टी और अमित शाह से रिश्ते सार्वजनिक करे। भारतीय जनता पार्टी ने पहले सोचा कि शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस और अमरिंदर सिंह को आगे करके आम आदमी पार्टी को रोक सकते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी नहीं रुकी तो नई पार्टी का पंजीकरण करवा रहे हैं।
AAP के विधायक राघव चड्ढा ने प्रेस वार्ता को किया संबोधित
आम आदमी पार्टी के पंजाब सह प्रभारी और विधायक राघव चड्ढा ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने वाले चुनाव आयोग की मुख्य जिम्मेदारी होती है निष्पक्ष चुनाव कराकर लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई पार्टी को सरकार बनाने का मौका देना। चुनाव आयोग को हम भारत के लोकतंत्र का एक स्तंभ कहते हैं। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार वह राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण की प्रक्रिया में दो बड़े बदलाव करने जा रहा है। पुख्ता जानकारी मिली है कि एक राजनीतिक पार्टी को विशेष ट्रीटमेंट देते हुए चुनाव आयोग राजनीतिक पार्टी की पंजीकरण प्रक्रिया में दो बड़े बदलाव करने जा रहा है।