
76th Republic Day 2025 : भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के इंडिया गेट स्थित कर्तव्य पथ पर शानदार कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के साथ कर्तव्यपथ पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
परेड के दौरान 16 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली और केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियों के जरिए भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इंडियन एयरफोर्स के विमानों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और एडवांस मिलिट्री क्षमताओं का एक अनूठा प्रदर्शन हुआ, जो देश की ताकत और अखंडता को रीप्रजेंट करता है।
वायुसेना ने दिखाई ताकत
गणतंत्र दिवस परेड में स्वदेशी अर्जुन युद्धक टैंक, तेजस लड़ाकू विमान और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर्स ने जमीन, पानी और हवा में समन्वित ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया। तीनों सेनाओं की झांकी का विषय ‘सशक्त और सुरक्षित भारत’ था। परेड की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सलामी लेने के साथ हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई अन्य केंद्रीय मंत्री, देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी, विदेशी राजनयिक और वरिष्ठ अधिकारी भी गणतंत्र दिवस समारोह के साक्षी बने।
वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने किया फ्लाइपास्ट
भारतीय वायु सेना ने 76 वें गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर फ्लाई-पास्ट प्रस्तुत किया, जिसमें 22 लड़ाकू विमान, 11 परिवहन विमान और 7 हेलीकॉप्टर सहित कुल 40 विमान शामिल थे। भारतीय वायुसेना का फ्लाई पास्ट जमीनी कारनामों के बाद, हवाई करतबें दिखाया, जहां गर्जना से आकाश को थर्राते और गुंजाते हवाई जहाजों के रोमांचक एवं साहसिक हवाई करतबों की श्रृंखला ने लोगों को अंचभित किया। अजय फॉरमेशन इस फारमेशन में तीन अपाचे विमान विक फार्मेशन में नजर आए। सतलुज फॉरमेशन इस फॉरमेशन में 02 डॉर्नियर – 228 एसी और 01 एएन 32 एयरक्राफ्ट विक फॉरमेशन में उड़ान भरे।

परेड के दौरान उपग्रह आधारित निगरानी प्रणाली, मध्यम शक्ति रडार अरुध्रा, उन्नत हल्के टारपीडो, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली धराशक्ति, लेजर आधारित हथियार, वायु रक्षा प्रणाली और मानव रहित हवाई प्रणाली का भी प्रदर्शन किया गया। पहली बार स्वदेशी रूप से विकसित प्रलय मिसाइल प्रणाली का प्रदर्शन किया गया।
कर्तव्यपथ पर दिखी सांस्कृतिक झलक
कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों में सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया गया। गणतंत्र दिवस परेड में 16 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 10 मंत्रालयों और विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गई। झांकियों का मुख्य विषय ‘स्वर्णिम भारतः विरासत और विकास’ है।
कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश की झांकी भी नजर आई। झांकी में बहुत समीचीन और अध्यात्म से जुड़े विषय ‘महाकुंभ 2025-स्वर्णिम भारतः विरासत और विकास’ की भव्यता प्रदर्शित की गई, जिसे विश्व स्तर पर ‘मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ में मान्यता प्राप्त है। वर्चुअल महाकुंभ में प्रतिभागिता जैसी अनुभूति भी हो रही है। यह विस्मयकारी महाकुंभ पवित्र गंगा, निर्बाध यमुना और प्रयागराज में पौराणिक सरस्वती के संगम पर आयोजित महाकुंभ की उदात्तता को प्रकाशित करता है।
सेना ने की परेड
परेड के दौरान भारतीय जांबाजों ने अपना पराक्रम दिखाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सेना की टुकड़ी के गुजरने पर सलामी दी। इस दौरान अलग-अलग रेजिमेंट के जवानों ने अपना पराक्रम दिखाया।

सेना ने युद्धक टैंक, मिसाइल सिस्टम और आधुनिक सैन्य वाहनों का किया प्रदर्शन
इसके बाद सेना के यांत्रिक विभाग के मार्चिंग दस्ते ने मार्च किया। सेना के टी-90 भीष्म टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और पिनाका मल्टी रॉकेट लॉन्चर, आकाश मिसाइल प्रणाली और आधुनिक सैन्य वाहनों का प्रदर्शन किया गया। लाइट स्पेशलिस्ट वाहन बजरंग, वाहन माउंटेड इन्फेंट्री मोर्टार सिस्टम एरावत, त्वरित प्रतिक्रिया वाहन नंदीघोष ने भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया।
सीआरपीएफ की महिला टुकड़ी ने किया मार्च
कर्तव्य पथ पर मार्च करने वाली टुकड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 148 सदस्यीय टुकड़ी में सभी महिला सैनिक शामिल रहीं, जिसका नेतृत्व सहायक कमांडेंट ऐश्वर्या जॉय एम ने किया। असम राइफल्स की टुकड़ी का नेतृत्व 29 असम राइफल्स के कैप्टन करणवीर सिंह कुंभावत ने किया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ऊंट टुकड़ी की कमान डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह खीची के हाथों में थी।

परेड के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ली सलामी
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार और परेड सेकेंड-इन-कमांड मेजर जनरल सुमित मेहता की सलामी ली। कार्यक्रम के अंत में पीएम मोदी वहां मौजूद जनता के करीब पहुंचे। वहां उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
यह भी पढ़ें : बुड़े दरिया पुनर्जीवित परियोजना: मंत्री डॉ. रवजोत ने पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप