Uttar Pradesh

रेप के आरोपों पर यूट्यूबर शादाब जकाती की सफाई, बोले-अगर दोष साबित हुआ तो सजा के लिए खुद तैयार हूं

YouTuber Shadab Jakati : सोशल मीडिया पर ’10 वाला बिस्किट का पैकेट कितने का है’ वीडियो से लोकप्रिय हुए यू-ट्यूबर शादाब जकाती इस समय एक गंभीर आरोप को लेकर सुर्खियों में हैं. उन पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जोरदार चर्चा शुरू हो गई है.

महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यू-ट्यूबर शादाब जकाती ने एक भावुक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी. वीडियो में उन्होंने कहा कि जिस महिला ने उन पर आरोप लगाए हैं, वह पहले उनसे मदद के लिए आई थी. महिला ने बताया कि वह मजदूरी करती है, उसका एक बच्चा है और आर्थिक तंगी के कारण वह अपने बच्चे की पढ़ाई नहीं कर पा रही थी. इसके बाद शादाब ने इंसानियत के नाते उसकी मदद की और बच्चे की छह महीने की फीस, कोर्स और किताबों का इंतजाम किया.

शादाब ने बताया सहायता का विवरण

शादाब जकाती ने कहा कि उनकी टीम में हिंदू और मुस्लिम सदस्य हैं और वे लंबे समय से गरीबों की मदद कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि आरोपित महिला को कई बार 1,000 से 5,000 रुपये तक आर्थिक मदद दी गई और गांव के दुकानदार व टीम के सदस्य इसके गवाह हैं.

सबूत मिलने पर कार्रवाई के लिए तैयार

अपने वीडियो में शादाब जकाती ने आरोपों को साजिश बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी उस महिला को छुआ तक नहीं है, उन्होंने दावा किया कि उनके घर में कैमरे लगे हैं, वहां हमेशा 8 से 10 लोग मौजूद रहते हैं और महिला कभी उनके घर पर रुकी भी नहीं. शादाब ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई भी सबूत मिलता है, तो वे कानून के अनुसार कार्रवाई के लिए खुद को तैयार मानते हैं.

सच्चाई सामने आने का इंतजार

वीडियो के अंत में शादाब भावुक होकर बोले कि उन्होंने मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और आज जो भी कमाई होती है, उसका इस्तेमाल लोगों की मदद में करते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.

ये भी पढ़ें – फिर बढ़ाई गई SIR में दावे-आपत्तियों की तारीख, जानें अब कब तक कर सकेंगे आवेदन?

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button