Women Health : उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव होने लगते हैं। खासतौर पर 30 साल के बाद मसल्स मास कम होना, हड्डियों का कमजोर होना, हार्मोनल बदलाव और ब्लड शुगर से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।
फिटनेस एक्सपर्ट श्वेतांबरी शेट्टी के अनुसार, भारतीय खानपान में अक्सर कार्बोहाइड्रेट की मात्रा ज्यादा और प्रोटीन की मात्रा कम होती है। यही वजह है कि शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
उम्र बढ़ने के साथ क्यों जरूरी है प्रोटीन
जानकारों के मुताबिक, 30 वर्ष की उम्र के बाद हर दशक में महिलाओं के शरीर में मसल्स मास कम होने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। मेनोपॉज के बाद यह बदलाव और तेज हो जाता है, क्योंकि इस दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने लगता है। पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लेने से मांसपेशियों की ताकत बनाए रखने, हड्डियों के घनत्व को सुरक्षित रखने और मेटाबॉलिज्म को बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।
पनीर से मिलेगा प्रोटीन और कैल्शियम
पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। 100 ग्राम पनीर में करीब 18 ग्राम तक प्रोटीन पाया जाता है। यह खासतौर पर शाकाहारी लोगों के लिए डाइट में प्रोटीन बढ़ाने का आसान विकल्प है। पनीर मसल्स और हड्डियों की मजबूती के लिए फायदेमंद हो सकता है।
टोफू और सोयाबीन भी बेहतर विकल्प
जो लोग डेयरी उत्पाद नहीं लेते या वीगन डाइट फॉलो करते हैं, उनके लिए टोफू एक अच्छा विकल्प हो सकता है। सोयाबीन से बने टोफू में प्लांट बेस्ड प्रोटीन पाया जाता है। इसके अलावा सोयाबीन भी शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है। नियमित मात्रा में इसका सेवन शरीर की प्रोटीन जरूरत को पूरा करने में मदद कर सकता है।
अंडा और दालें भी हैं फायदेमंद
अंडा हाई प्रोटीन फूड माना जाता है। एक अंडे में लगभग 6 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। इसके पीले भाग से विटामिन डी समेत कई पोषक तत्व भी मिलते हैं। वहीं दालें, चना, छोले और राजमा जैसे खाद्य पदार्थ भी शरीर को प्लांट प्रोटीन देते हैं। रोजाना एक कटोरी पकी हुई दाल से अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिल सकता है, जो मांसपेशियों की मजबूती के लिए जरूरी है।
Disclaimer: यह जानकारी केवल सामान्य जानकारी के लिए है। डाइट या फिटनेस में बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। हिंदी ख़बर किसी भी दावे की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें- अंकित बालियान मर्डर का खौफनाक VIDEO आया सामने, 25 सेकेंड तक बरसाई गईं गोलियां, दो लोगों ने ली हत्या की जिम्मेदारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









