Delhi NCRमौसम

जाते-जाते फिर लौटी सर्दी : दिल्ली में बढ़ी ठिठुरन, कोहरे से थमी रफ्तार, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Delhi Weather : दिल्ली में आज 5 फरवरी की सुबह तेज ठंड और घने कोहरे के साथ हुई. कई इलाकों में हालात ऐसे रहे कि सामने का रास्ता देख पाना भी मुश्किल हो गया. सुबह के शुरुआती समय में विजिबिलिटी काफी कम दर्ज की गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई. खास तौर पर हाईवे और खुले इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा नजर आया.

मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-NCR में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री रहने की संभावना है. वहीं रात के समय तापमान और गिरकर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण ठंड का असर बना हुआ है. दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया

सुबह के समय मध्यम से लेकर घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर तक पहुंच सकती है. इस दौरान 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलने की संभावना है, जिससे दिन में थोड़ी राहत तो मिल सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा.

ट्रेनों के देरी से चलने की आशंका

कोहरे के चलते हवाई और रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. कई उड़ानों और ट्रेनों के देरी से चलने की आशंका है. ऐसे में सुबह यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करना जरूरी बताया गया है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.

राजधानी का AQI 267 दर्ज किया गया

ठंड और हवा की रफ्तार कम होने के कारण दिल्ली की हवा की गुणवत्ता आज भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी रह सकती है. अनुमान है कि AQI 250 से 300 के बीच रह सकता है. सुबह 6 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक राजधानी का AQI 267 दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.

कोहरा छाए रहने की संभावना बनी रहेगी

डॉक्टरों की सलाह है कि इस मौसम में लोग गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में गर्म पानी पीते रहें और सुबह व शाम के समय बाहर निकलने से बचें. खास तौर पर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 फरवरी तक भी सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना बनी रहेगी. हालांकि इस दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद धीरे-धीरे मौसम में सुधार होने की उम्मीद जताई गई है.

ये भी पढ़ें- बलूचिस्तान में मोसाद की साजिश, पाकिस्तानी पत्रकार ने खोले राज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button