
मध्यप्रदेश में 18 और 19 अप्रैल को फिर मौसम बदलेगा। इंदौर और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। भोपाल में भी मौसम के बदलने की संभावना है। इससे पहले प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर में इस सीजन का गर्मी का रिकॉर्ड टूट सकता है। वहीं, राजगढ़, छतरपुर, दमोह, रतलाम में भी तापमान बढ़ेगा।
शुक्रवार को मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिला। दोपहर बाद भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई शहरों में हल्के बादल छाए रहे। भोपाल में लगातार तीसरे दिन तापमान 39 डिग्री के पार रहा। वहीं, ग्वालियर में तापमान 40.3 और जबलपुर में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को यहां गर्मी का असर बढ़ा। इंदौर में 38.6 डिग्री तापमान के साथ मामूली गिरावट दर्ज की गई।
खजुराहो और राजगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी रही। खजुराहो में पारा 42 डिग्री और राजगढ़ में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि शनिवार को हल्के बादल रहेंगे। इनके छंटने से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ेगी। गर्मी का असर बढ़ जाएगा। रात में भी गर्मी बढ़ेगी।