
WAVES Summit 2025 : पीएम नरेंद्र मोदी आज मुंबई के दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, आज यहां मुंबई में 100 से अधिक देशों से आर्टिस्ट, इनोवेटर्स, निवेशक और नीति निर्माता एक साथ, एक ही छत के नीचे एकत्रित हुए हैं। एक तरह से आज यहां ग्लोबल टैलेंट और ग्लोबल क्रिएटिविटी के एक ग्लोबल इको-सिस्टम की नींव रखी जा रही है। यह वाकई एक ‘वेव’ है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक और शानदार शुरुआत के लिए मैं देश और विदेश के सभी महानुभावों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आप सबका अभिनंदन करता हूं।
‘भारतीय सिनेमा ने भारत को दुनिया के कोने-कोने में ले जाने में सफलता पाई’
पीएम मोदी ने वेव्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, आज से 112 साल पहले 3 मई 1913 को भारत में पहली फीचर फिल्म राजा हरिश्चंद्र रिलीज हुई थी। इसके निर्माता दादासाहब फाल्के जी थे और कल ही उनकी जन्म जयंती थी। बीती एक सदी में भारतीय सिनेमा ने भारत को दुनिया के कोने-कोने में ले जाने में सफलता पाई है। हर कहानी भारतीय संस्कृति की आवाज बनकर दुनिया के करोड़ों लोगों के दिलों में उतरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा, हम देखते हैं कि छोटे बच्चे के जीवन की शुरूआत, बालक पैदा होता है तब से मां से उसका संबंध भी लोरी से शुरू होता है। मां से ही वे पहला स्वर सुनता है। उसको पहला स्वर संगीत से समझ आता है। एक मां, जो एक बच्चे के सपने को बुनती है वैसे ही क्रिएटिव वर्ल्ड के लोग एक युग के सपनों को पिरोते हैं। WAVES का मकसद ऐसे ही लोगों को एक साथ लाने का है।
हमारे यहां संगीत भी एक साधना है- पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि भारत की हर गली में एक कहानी है, हर पर्वत एक गीत है, हर नदी कुछ न कुछ गुनगुनाती है। आप भारत के 6 लाख से ज्यादा गांवों में जाएंगे तो हर गांव का अपना एक फोल्क है, कहानी कहने का अपना एक खास अंदाज है। यहां अलग-अलग समाजों ने लोक कथाओं के माध्यम से अपने इतिहास को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया है। हमारे यहां संगीत भी एक साधना है। भजन हों, गज़लें हों, क्लासिकल हों या कंटेम्परेरी हर सुर में एक कहानी है, हर ताल में एक आत्मा है।
‘150 देशों के सिंगरों को गांधी जी का प्रिय गीत गाने के लिए प्रेरित किया’
पीएम मोदी ने आगे कहा कि 6 से 7 साल पहले जब महात्मा गांधी की 150वीं जयंती का अवसर आया तो 150 देशों के गायक-गायिकाओं को गांधी जी का प्रिय गीत गाने के लिए प्रेरित किया। इसका एक बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा। दुनिया एक साथ आ गई। यहां भी कई लोग बैठे हैं जिन्होंने गांधी 150 के समय अपने वीडियो बनाए थे। गांधी के विचारों को आगे बढ़ाया था। भारत और दुनियाभर के क्रिएटिव वर्ल्ड की ताकत मिलकर क्या कमाल कर सकती है, इसकी एक झलक हम तब देख चुके हैं। जैसे नया सूरज उगते ही आकाश को रंग देता है, वैसे ही समिति अपने पहले पल से ही चमकने लगी है।
वेव्स समिट का लक्ष्य
बता दें कि “कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज” टैगलाइन के साथ चार दिवसीय यह शिखर सम्मेलन दुनिया भर के क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के दिग्गजों और नीति निर्माताओं को एक साथ लाकर भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए तैयार है। रचनात्मकता, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा का लाभ उठाकर एक उज्जवल भविष्य को आकार देने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप, वेव्स में फिल्मों, ओटीटी, गेमिंग, कॉमिक्स, डिजिटल मीडिया, एआई, एवीजीसी-एक्सआर, प्रसारण और उभरती तकनीक को एकीकृत किया जाएगा, जिससे यह भारत के मीडिया और मनोरंजन कौशल का एक व्यापक प्रदर्शन बन जाएगा।
आपको यह भी बता दें कि वेव्स का लक्ष्य 2029 तक 50 बिलियन डॉलर का बाजार खोलना है, जिससे वैश्विक मनोरंजन अर्थव्यवस्था में भारत की उपस्थिति का विस्तार होगा।
यह भी पढ़ें : मुख्तार अंसारी के परिवार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जेल में जहर खिलाकर मारने की जांच की मांग खारिज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप