“राहुल गांधी महाकुंभ नहा आएं, शायद इससे उनका वंश आगे बढ़ जाए”, बाराबंकी में बोले दिनेश शर्मा

Uttar Pradesh : "राहुल गांधी महाकुंभ नहा आएं, शायद इससे उनका वंश आगे बढ़ जाए", बाराबंकी में बोले दिनेश शर्मा
Uttar Pradesh : बाराबंकी में शनिवार को पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा पहुंचे। उन्होंने जिला सहकारी बैंक सभागार में बजट पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ को लेकर कहा कि महाकुंभ को गाली देने वालों के लिए नर्क में ही जगह बची है। जैसे वरुण को पवित्रता दिखती है, वैसे गिद्ध को हर जगह मांस की तलाश रहती है। कुंभ जैसा बड़ा आयोजन करना आसान नहीं है। अमेरिका जैसे देश इस पर रिसर्च कर रहे हैं।
राहुल-प्रियंका की नजर होनी चाहिए सही
एक सवाल के जवाब में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रियंका और राहुल गांधी का महाकुंभ में स्वागत है, बस उनकी नजर सही होनी चाहिए। यूपी चुनाव में दो लड़कों की जोड़ी आई थी, लेकिन दिल्ली चुनाव में ये दोनों खो गए। आपस में इस कदर लड़ाई हुई कि गठबंधन षड्यंत्र बनकर रह गया। अब इनकी वापसी मुश्किल लगती है।
उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, ‘राहुल गांधी महाकुंभ नहा आएं। शायद इससे उनका वंश आगे बढ़ जाए। महाकुंभ नहाने से राहुल गांधी की शायद गृहस्थी बस जाए और कांग्रेस को नया वारिस मिल जाए।’
महाकुंभ में 50 करोड़ लोग पहुंचे
डॉ. शर्मा ने कहा कि महाकुंभ में सनातन धर्म की शक्ति को देखकर पूरी दुनिया हैरान है। 50 करोड़ लोग महाकुंभ में आ चुके हैं। इतने बड़े आयोजन को व्यवस्थित रूप से निपटाना आसान नहीं है, लेकिन योगी सरकार ने इसे सफलतापूर्वक किया। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। योगी जी को अब ‘बुलडोजर बाबा’ नहीं, बल्कि ‘अर्थव्यवस्था बाबा’ कहना बेहतर होगा।
राहुल और प्रियंका महाकुंभ जा सकते हैं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी किसी भी दिन महाकुंभ जाकर संगम में डुबकी लगा सकते हैं। राहुल और प्रियंका संगम में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
कांग्रेस सेवा दल ने महाकुंभ सेवा शिविर संगम तट के सेक्टर-15 में तुलसी मार्ग पर लगाया है, जहां दोनों नेताओं के आने की संभावना है। वे कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और महाकुंभ में किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्यों की जानकारी लेंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को लखनऊ में कहा था- प्रयागराज राहुल गांधी की मातृभूमि है। प्रयागराज हमारे लिए एक पवित्र स्थान है। पूरा नेतृत्व प्रयागराज का दौरा करेगा। हम भी त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे।
4 साल पहले भी प्रियंका ने किया था संगम स्नान
प्रियंका गांधी ने 11 फरवरी 2021 को प्रयागराज यात्रा के दौरान संगम में स्नान किया था। उस वक्त वे बोट से प्रयागराज से वाराणसी तक की यात्रा कर रही थीं। संगम में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने पूजा-पाठ भी किया था। इसके अलावा, वे पुरखों की कर्मस्थली आनंद भवन भी गईं थीं।
कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय का कहना है कि प्रियंका गांधी हमेशा से संगम स्नान की इच्छा रखती थीं। 2000 में सोनिया गांधी ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। गांधी परिवार हमेशा से महाकुंभ स्नान, ध्यान और पूजा-पाठ में शामिल होता आया है।
डॉ. प्रमोद पांडेय ने बताया कि शिविर तैयार है और श्रद्धालुओं की मदद लगातार की जा रही है। सभी की उम्मीद है कि राहुल और प्रियंका गांधी संगम आकर स्नान करेंगे और कांग्रेस सेवा शिविर में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें : मुंबई पुलिस का दावा, रणवीर अल्लाहबादिया का स्विच ऑफ है फोन और घर में लगा है ताला, वकील भी संपर्क से बाहर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप