डबल इंजन की सरकार बिहार में स्थापित करेगी नए कीर्तिमान- उमेश कुशवाहा

Umesh Kushwaha
Umesh Kushwaha: बिहार प्रदेश जेडीयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को पुनः बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की डबल इंजन की सरकार बिहार में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। इसके साथ ही सामाजिक न्याय के साथ प्रदेश के समावेशी विकास के संकल्प को दोगुनी रफ्तार मिलेगी।
‘होगा स्वर्णिम युग का सूत्रपात’
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी देश और प्रदेश में शांति एवं समृद्धि के स्वर्णिम युग का सूत्रपात करेगी। बीच में कुछ स्थितियां ऐसी आईं कि हमलोगों की राहें अलग हुईं, लेकिन विकसित बिहार की हमारी सोच और हमारी प्रतिबद्धता एक जैसी रही। न्याय के साथ विकास हो या सबका साथ सबका विकास दोनों में कोई फर्क नहीं है। यही कारण है कि आज हमलोग एक बार फिर एक साथ खड़े हैं।
‘सकारात्मक परिवर्तन हमारी प्राथमिकता’
उन्होंने कहा, समय की मांग है कि हमलोग नए बिहार और नए भारत के लिए नई ताकत के साथ एकजुट हों और उन शक्तियों का मुकाबला करें, जो हमारे राज्य और देश की प्रगति में बाधक हैं। उमेश सिंह कुशवाहा कहा कि हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रदेश के विकास और जनता की सेवा के प्रति कृत संकल्पित हैं। शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है।
‘बिना बात अपनी पीठ थपथपा रही राजद’
पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बयान पर उमेश सिंह कुशवाहा ने पलटवार करते हुए कहा कि राजद के लोग बिना किसी बात के ही अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। तेजस्वी यादव पहले यह बताएं कि राजद के 15 साल के शासनकाल में कितने लाख युवाओं को रोजगार मिला था? आज अगर बिहार में रोजगार की बहार है तो इसका एकमात्र श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है।
‘अपने गिरेबान में झांके कांग्रेस’
उन्होंने राजद के परिवारवाद को भी निशाने पर लिया और कहा कि हमारे नेता के लिए पूरा बिहार ही उनका परिवार है, लेकिन कुछ लोग अपने परिवार के दायरे से बाहर कुछ सोच ही नहीं पाते। हमारे नेता नीतीश कुमार पर अनर्गल बयानबाजी करने से पहले कांग्रेस पार्टी को अपनी गिरेबान में झांकने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: मधेपुरा: चिकित्सकों पर राष्ट्रद्रोह का आरोप, 26 जनवरी पर नहीं थे मौजूद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।