Rajasthan

उदयपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की टक्कर में 3 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

Udaipur Accident : उदयपुर में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना फलासिया थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 58ई पर बिछीवाड़ा गांव के पास रात करीब 11:30 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में चल रही थीं, तभी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और यशवंत हिमात के रूप में हुई है, जबकि मोहित अंगारी घायल है। सूचना मिलने पर फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को झाड़ोल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

एक ही बाइक पर सवार तीन युवक

बताया जा रहा है कि तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर ओडा गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार यशवंत उदयपुर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि रात के समय तेज रोशनी और लापरवाही से यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायलों और मृतकों की पहचान सुबह परिजनों के पहुंचने के बाद की गई। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई और शव परिजनों को सौंपे जाने की तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- करनाल में बड़ा फर्जीवाड़ा, बाप-बेटी गैंग ने ज्वेलर्स को बेचा नकली सोना, एक गलती से खुला राज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button