
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में आखिरकार मानूसन ने दस्तक दें दी है। दूसरी तरफ देश के कई राज्यों में मानसून एक्टिव हो गया है। उत्तर भारत में भारी बारिश ने कहर मचाना शुरू कर दिया है। हिमाचल में जब बादल फटने की खबर सामने आई तो उत्तराखंड में भूस्खलन हो रहा है। मंगलवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली हैं। सुबह से ही देश कि राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। साथ ही कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है।
मालूम हो कि दिल्ली में मानसून की शुरुआत के साथ ही बारिश के मौसम में पैदा होने वाली दिक्कतें भी सामने आने लगी हैं। दिल्ली-एनसीआर में सुबह 7 बजे से 8.30 बजे तक हुई बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर जलजमाव देखने को मिला हैं। साथ ही सफदरजंग में 2.5 एमएम, आयानगर में 1.3 एमएम, पालम में 2.4 एमएम, रिज एरिया में 1.0 एमएम और लोधी रोड में 1.94 एमएम बारिश हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलजमाव की वजह से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। मथुरा रोड पर जलजमाव के कारण जाम लग गया। सरिता विहार, दिल्ली कैंट, सेंट्रल दिल्ली समेत कई जगहों पर जलजमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में भारी बारिश के चलते एनएच-9 पर जाम लग गया है। मैसम विभाग के अनुसार सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राजस्थान के जैसलमेर और गंगानगर में पहुंच गया और दिल्ली और हरियाणा के इलाकों में बिखर गया था। वहीं दिल्ली और गुरुग्राम में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली (जफरपुर, द्वारका, पालम, आयानगर, डेरामंडी), एनसीआर (गुरुग्राम,मानेसर, बल्लभगढ़), हरियाणा (रोहतक, महम, झज्जर, फरुखनगर, नूंह, सोहाना, पलवल), यूपी के कासगंज और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई हैं। मौसम विभाग ने बारिश की तीव्रता को देखते हुए अलग-अलग हिस्सों में रेड, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुजरात, कर्नाटक और असम के कुछ हिस्सों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए येलो अलर्ट है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल और प.बंगाल के कुछ हिस्सों में भी यलो अलर्ट जारी किया है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के लिए मौसम विभाग का रेड अलर्ट है।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने बताया था कि दिल्ली में मंगलवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा था कि दिल्ली में सुबह हवा में नमी रहेगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी साथ ही दिल्ली में हल्की बारिश और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक यहां का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साथ ही उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और हरियाणा के करनाल, दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी बारिश हुई है।