Tej Pratap Yadav : जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने आरजेडी से जुड़े पांच “जयचंदों” का नाम सार्वजनिक किया है. इनमें राबड़ी देवी के भाई और आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह का भी नाम शामिल है. इस नाम के सामने आने के बाद सोमवार, 9 फरवरी 2026 को खुद सुनील कुमार सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया दी.
बजट सत्र के लिए विधान परिषद में पहुंचे सुनील कुमार सिंह ने कहा कि, “तेज प्रताप जी लंबे समय तक जिम्मेदार पदों पर रहे हैं और बिहार सरकार में दो-दो बार मंत्री रहे हैं, फिर भी उनकी बातों को कई लोग गंभीरता से नहीं लेते. सभी लोग जानते हैं कि वे कब साथ होंगे और कब अलग हो जाएंगे. इसके पहले वे हमारी (आरजेडी) ही पार्टी में थे, लेकिन अब उन्होंने अलग पार्टी बना ली है.”
सुनील सिंह ने तेज प्रताप के बयान को कहा बचकाना
सुनील सिंह ने आगे कहा, “मैं आरजेडी में एक जिम्मेदार पद पर हूं और तेज प्रताप का यह बयान कोई नई बात नहीं है, उन्होंने पहले भी रघुवंश बाबू के बारे में कहा था कि ‘एक लोटा पानी निकल जाने से क्या फर्क पड़ता है’. आप (मीडिया) ने देखा होगा कि जब प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह थे, तब उन पर यह आरोप लगा दिया गया कि वे हमारी हत्या करवा सकते हैं. मुकेश रोशन पर भी हत्या कराने का आरोप लगाया गया. हमारे अभिभावक, जो मेरे दिल में बसे हैं, लालू यादव हैं और वे उनके बड़े बेटे हैं. ऐसे बचकाने बयान पर हम कोई प्रतिक्रिया देना सहीं नहीं समझते हैं.
सुनील सिंह ने कहा- तेज प्रताप का मामला निजी
सुनील सिंह ने आगे कहा कि यह तेज प्रताप का निजी मामला है और इसका फैसला कोई कानूनी संस्थान ही करेगा. हमारे बयान से कुछ तय नहीं होगा और मीडिया को भी इस पर खबर बनाने की जल्दी नहीं करनी चाहिए, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि तेज प्रताप को पहले आत्ममंथन करना चाहिए कि वे किस तरह के बयान दे रहे हैं, क्योंकि यह एक बचकाना बयान है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-NCR में तेज हवाओं से बदला मौसम, 15 फरवरी तक तापमान बढ़ने के आसार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









