महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की सूटकेस में मिली लाश, मां ने लगाया आरोप- ‘पार्टी और चुनाव ने ली बेटी की जान’

Rohtak :

महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की सूटकेस में मिली लाश

Share

Rohtak : हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला कस्बे में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव एक सूटकेस में बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हिमानी कांग्रेस की सक्रिय सदस्य थीं और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं। इसके अलावा, वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार में भी अहम भूमिका निभा चुकी थीं। अब उनकी संदिग्ध मौत को लेकर परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

पार्टी ने बेटी की जान ले ली

मृतका की मां सविता नरवाल ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव और पार्टी ने उनकी बेटी की जान ले ली। उन्होंने आशंका जताई कि अपराधी पार्टी के अंदर से भी हो सकते हैं या उनके कुछ करीबी दोस्त भी इस मामले में शामिल हो सकते हैं। 28 फरवरी को हिमानी घर पर थीं, लेकिन पुलिस स्टेशन से फोन आने के बाद परिवार को उनकी मौत की जानकारी मिली। उनकी मां ने यह भी कहा कि हिमानी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा के बेहद करीब थीं, लेकिन अब तक पार्टी की ओर से किसी ने परिवार से संपर्क नहीं किया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।

कांग्रेस से 10 साल से जुड़ी थीं हिमानी

उन्होंने आगे कहा, “मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। हम डर में रहते थे। मैं अपने दूसरे बेटे को यहां से लेकर BSF कैंप चली गई। चुनाव के बाद, हिमानी पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी। मैंने खुद सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन मेरा फोन रिसीव नहीं हुआ।” मृतका के भाई जतिन ने बताया, “उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की थी।”

भूपेंद्र  हुड्डा ने की जांच की मांग

इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय विधायक के सहयोगी परिवार के संपर्क में हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए, चाहे वे पार्टी के भीतर से हों या बाहरी लोग।

वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस घटना को न सिर्फ हरियाणा बल्कि पूरे देश को झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार असफल साबित हो रही है। उन्होंने एसआईटी के गठन की मांग की और कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

अब यह देखना होगा कि इस मामले में जांच कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और क्या हिमानी के परिवार को न्याय मिल पाता है। उनकी मां और भाई की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला और भी गंभीर हो गया है, जिससे पुलिस और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें : भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला आज, फैंस द्वारा वाराणसी में किया गया हवन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

अन्य खबरें