Drug Free Punjab : पंजाब में नशों के विरुद्ध जागरूकता और रोकथाम गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग को वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान ₹1 करोड़ का टोकन ग्रांट प्राप्त हुआ है। इसमें से 12 जिलों में जागरूकता और रोकथाम गतिविधियों के लिए ₹85 लाख जारी किए गए हैं, जबकि माह अगस्त, 2026 के दौरान श्री मुक्तसर साहिब के मलोट में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नशा विरोधी कार्यक्रम के लिए ₹15 लाख आरक्षित रखे गए हैं।
स्वस्थ समाज का निर्माण सरकार की प्राथमिकता
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशों के खात्मे के लिए जागरूकता, रोकथाम, पुनर्वास और जनभागीदारी को समान महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशों से दूर रखना और स्वस्थ समाज का निर्माण सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
नशे के दुष्प्रभावों से कराया जाएगा जागरूक
उन्होंने बताया कि फाजिल्का, तरन तारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर (मोहाली), पठानकोट, कपूरथला, गुरदासपुर, लुधियाना और पटियाला जिलों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इनके तहत स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में नशों के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा और युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
होने वाला राज्य स्तरीय नशा विरोधी कार्यक्रम
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मलोट में होने वाला राज्य स्तरीय नशा विरोधी कार्यक्रम उनकी अध्यक्षता में करवाया जाएगा, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, समाज सेवी संस्थाओं और अन्य हितधारकों की व्यापक भागीदारी होगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम नशों के घातक प्रभावों के बारे में जन-जागरूकता बढ़ाने, युवाओं में रोकथाम की सोच को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग को नशा-मुक्त पंजाब के अभियान से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी
डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “नशों के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही हम नशा-मुक्त पंजाब का सपना साकार कर सकते हैं।
नशों के विरुद्ध हर कोने तक पहुंचे
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग सभी हितधारकों के सहयोग से जागरूकता और रोकथाम गतिविधियों को और विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि नशों के विरुद्ध संदेश पंजाब के हर कोने तक पहुंच सके।
ये भी पढ़ें- लुधियाना के प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो व्यक्ति ग्लॉक पिस्तौल समेत गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







