Swachhta Hi Seva 2026 : पंजाब के जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने राज्य में ‘स्वच्छता ही सेवा (एस.एच.एस.)-2026’ अभियान के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया. यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2026 तक पंजाब भर में “स्वच्छता में भागीदारी, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के तहत मनाया जाएगा.
कैबिनेट मंत्री ने भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और केंद्रीय जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन मंत्री की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिरकत की. बैठक के दौरान विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एस.एच.एस.-2026 को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयारियों, योजना और प्रस्तावित गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया.
सैनिटेशन में नागरिक भागीदारी जरूरी
पंजाब में अभियान संबंधी प्रबंधों का जायजा लेते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने केंद्र सरकार को राज्य की तैयारियों और अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में अवगत करवाया, उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई और सैनिटेशन गतिविधियों में ग्राम पंचायतों, स्थानीय समुदायों और विभिन्न भागीदारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं.
सफाई में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह अभियान गांवों को और अधिक साफ-सुथरा, स्वस्थ और टिकाऊ बनाने के लिए चल रहे राज्य सरकार के प्रयासों को और गति देगा, उन्होंने कहा कि सैनिटेशन को केवल सरकारी हस्तक्षेप के माध्यम से कायम नहीं रखा जा सकता बल्कि इसके लिए नागरिकों, पंचायतों और समुदायों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.
सफाई में सामुदायिक भागीदारी पर जोर
बैठक के दौरान ग्राम पंचायतों के लिए “स्वच्छ सेवा असेसमेंट” भी शुरू किया गया. इस पहल का उद्देश्य गांव स्तर पर सैनिटेशन से संबंधित गतिविधियों के मूल्यांकन को मजबूत करना और सफाई एवं स्वच्छता के प्रयासों में सामुदायिक भागीदारी को और प्रोत्साहित करना है.
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि पंजाब ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर अमली रूप देने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि अभियान की अवधि के बाद भी इसका स्थायी प्रभाव कायम रहे, उन्होंने कहा कि सफाई, सैनिटेशन और कचरा प्रबंधन दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए.
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कैबिनेट मंत्री ने पंजाब के लोगों से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने और अपने गांवों एवं समुदायों में चलाई जाने वाली सफाई मुहिमों में योगदान देने की अपील की, उन्होंने कहा कि लोग सफाई को केवल एक अभियान न समझें बल्कि इसे सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर जन आंदोलन के रूप में अपनाएं.
उन्होंने कहा, “आइए पंजाब को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाने के लिए हाथ मिलाएं और स्वच्छ भारत एवं विकसित भारत के बड़े संकल्प में अपना योगदान दें. बैठक के दौरान रामवीर, प्रमुख सचिव, जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन विभाग, सईद शहरिश असगर, विभाग प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









