UP News : उत्तर प्रदेश के बीजेपी नेता और मेरठ की सरधना सीट से पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम को जान से मारने की धमकी मिली है. बांग्लादेश से उन्हें धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं. उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की है, जो अब मामले की जांच कर रही है. सोम ने कहा है कि वे सनातनियों के हक की बात करते रहेंगे, इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं.
बीजेपी नेता संगीत सोम की तरफ से बताया गया कि उन्होंने पुलिस को जांच के लिए मोबाइल नंबर भेज दिया है. ये नंबर बांग्लादेश का है. वहीं, सरधना थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबकि, पांच जनवरी की सुबह उनके सचिव चंद्रशेखर सिंह के नंबर पर फोन आया, फोन करने वाले ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए विधायक को जान से मारने की धमकी दी. फोन करने वाले ने कहा कि जल्द ही संगीत सोम को जहन्नुम पहुंचा देंगे. उसने बम से उड़ाने की बात भी कही.
फोन कॉल पर जान से मारने की धमकी
फोन करने वाले सख्स ने खुद को बांग्लादेशी बताया और संगीत सोम समेत उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने न केवल नेता को ‘जहन्नुम’ पहुंचाने की बात कही, बल्कि भारत के समाचार चैनलों को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी. फोन पर गाली-गलौज करते हुए आरोपी ने कहा कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता.
सरधना थाने में दर्ज हुई शिकायत
फिलहाल, पूर्व विधायक संगीत सोम के निजी सचिव ने मेरठ के सरधना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. सोम ने भी पुष्टि की कि पुलिस को सचिव के माध्यम से सूचना दे दी गई है. पुलिस अनजान नंबर और कॉल करने वाले की लोकेशन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. धमकी के बाद उनके समर्थकों में आक्रोश है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.
गौरतलब है कि संगीत सोम ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई थी और शाहरुख खान के खिलाफ भी बयान दिया था. उनके इन बयानों के बाद सियासी माहौल गर्माया हुआ है.
धमकियों और गालियों का आरोप
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें भी धमकियां मिली हैं, उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र सरकार और देश के लोग इस बात पर ध्यान दें कि अच्छे फैसले लेने पर हमें धमकियां और गालियां मिल रही हैं, उन्होंने कहा कि उन्होंने यह मुद्दा जनता के सामने रखा था कि बांग्लादेश के किसी भी खिलाड़ी को भारत में प्रवेश न दिया जाए और उनके साथ क्रिकेट मैच न खेला जाए. बीसीसीआई ने भारतीयों की भावना को समझा, लेकिन बांग्लादेश के लोगों को बुरा लग रहा है और मुझे और मेरे देश को गालियां दी जा रही हैं. ऐसे रवैये वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के ली मेरिडियन होटल से शख्स ने लगाई छलांग, 12वीं मंजिल से कूदकर दी जान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









