Uttar Pradeshराज्य

वृंदावन नाव हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Vrindavan Boat Acciden : वृंदावन में यमुना नदी पर एक दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया. इस दुर्घटना में कई श्रद्धालु नदी में डूबने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए नावों की मदद से कई लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं. इस घटना में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है, उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की. प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का ऐलान किया गया है.

बचाए गए लोग फिलहाल सुरक्षित

वहीं, जिला प्रशासन के अनुसार, यह श्रद्धालु समूह पंजाब के लुधियाना से दर्शन के लिए आया था. मथुरा के जिलाधिकारी C. P. Singh ने बताया कि यात्रियों की सूची का मिलान किया जा रहा है, जिसमें कुछ लोग शुरू में लापता बताए गए थे. हालांकि, हादसे में जान गंवाने वालों के शवों को उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जा रही है, और बचाए गए लोग फिलहाल सुरक्षित हैं.

केसी घाट के पास हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के बीच में डगमगाने लगी. इसी दौरान नाव एक पोंटून से टकरा गई, जिससे वह पलट गई. यह हादसा केसी घाट के पास हुआ, जहां हाल ही में बढ़ते जलस्तर के चलते पीपा पुल हटाया गया था और कुछ हिस्से पानी में मौजूद थे.

इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है, उन्होंने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए, साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने के भी निर्देश दिए.

ये भी पढ़ें- मथुरा में दर्दनाक हादसा, यमुना नदी में नाव पलटी, 10 की मौत और कई लापता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button