Biharबड़ी ख़बरराज्य

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में लगी आग, चार मौतों की पुष्टि, दर्जनों घायल

Muzaffarpur Fire News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर बने आईसीयू में रात करीब दो बजे भड़की, जिसके बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया। अचानक हुई इस घटना से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चार लोगों की मौत, कई प्रभावित

हादसे में सुबह तक तीन शव निकाले जाने की पुष्टि हुई, जबकि एक अन्य मरीज की अस्पताल में ही मौत हो गई। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों की अंतिम संख्या को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक करीब 20 लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

बेसुध हालत में निकाले गए मरीज

बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने 10 से 15 लोगों को बेहोशी की हालत में अस्पताल से बाहर निकाला। इनमें कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। धुएं के कारण कई लोगों की हालत बिगड़ गई थी।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। शुरुआती समय में अस्पताल कर्मियों ने भी बचाव कार्य किया, लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिस और दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। स्थानीय पुलिस के अनुसार आग की जानकारी मिलने के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं जिलाधिकारी सुब्रत कुमार ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर परिजनों की शिकायतें मिली हैं। प्रशासन की टीमें आसपास के अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति की भी जानकारी जुटा रही हैं। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें – मोनालिसा-फरमान मामले में हाई कोर्ट की टिप्पणी – “केरल में हो तो सुरक्षित हो” , फैसला सुरक्षित

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button