Weather Update : महाराष्ट्र के मुंबई और वसई-विरार इलाके में रात से हो रही तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मुंबई के सायन स्थित प्रतीक्षा नगर इलाके और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वसई-विरार के नालासोपारा इलाके में सेंटर पार्क और तुलिंज ब्रिज समेत कई सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
हिमाचल में बारिश के बीच धंसा जंगल, गिरे देवदार के पेड़
हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित फांचा कांडे इलाके में बारिश के दौरान जंगल का एक हिस्सा अचानक धंस गया। भूस्खलन की इस घटना में बड़ी संख्या में देवदार के पेड़ गिर गए। मौसम विभाग ने प्रदेश में 18 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई है। इस मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में बारिश और आपदा से 296 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 520 लोग घायल हुए हैं।
बिहार में बाढ़ से 15 जिलों के 48 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में करीब 48.22 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गंगा समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
भागलपुर में बाढ़ के पानी से श्मशान घाट डूब गया है, जिसके चलते सड़क किनारे अंतिम संस्कार करने की नौबत आ गई है। वहीं सुल्तानगंज में श्मशान घाट पानी से घिरकर टापू जैसा बन गया है। दानापुर में लोग कंधे तक पानी में उतरकर जरूरी सामान और राशन लेने को मजबूर हैं।
ओडिशा में रिकॉर्ड बारिश, मलकानगिरी सबसे ज्यादा प्रभावित
ओडिशा में कम दबाव के क्षेत्र के कारण लगातार बारिश जारी है। कई इलाकों में सड़कें और पुल पानी में डूब गए हैं। मलकानगिरी जिले में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां 24 घंटे में 804 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, हिमाचल में राहत के संकेत
उत्तराखंड के सभी जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बागेश्वर में सुबह से तेज बारिश हो रही है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और पूरे राज्य के लिए ग्रीन अलर्ट जारी है।
ये भी पढ़ें- हाजीपुर में BJP नेता के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 से ज्यादा गोलियां चलीं, CCTV में कैद हुई घटना
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









