MP: महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महासचिव शोभना ओंकार ने थामा AAP का दामन, इस सीट से लड़ सकती हैं चुनाव

मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है लेकिन उससे पहले ही दलबदल की सियासत शुरू हो गई है। बता दें कि महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महासचिव शोभना ओंकार आज (11 सितंबर) को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई। शोभना अलीराजपुर जिले में कांग्रेस की वरिष्ठ कार्यकर्ता रही हैं। वहीं अब उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। माना जा रहा है कि वह आम आदमी पार्टी के टिकट पर अलीराजपुर से चुनाव लड़ सकती हैं।
कौन हैं शोभना अलीराजपुर
शोभना ओंकार 1994 में ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष, कांग्रेस मजदूर यूनियन की जिला अध्यक्ष और मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव रह चुकीं हैं। अलीराजपुर जिले में महिलाओं के रोजगार, स्वरोजगार के क्षेत्र में कम कर रही हैं। सामाजिक संस्था के जरिए महिलाओं को रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण जैसे झाडू बनाना, खिलौने बनाना, हैंडलूम से जुड़े कामों की ट्रेनिंग दिलवा रही हैं।
मध्य प्रदेश में दलबदल का दौर शुरू
मध्य प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहा है, वैसे-वैसे सियासत के गलियारे में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस से हाथ मिला लिया था। हाल ही में बीजेपी विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। उनके अलावा पूर्व विधायक भवर सिंह शेखावत ने भी अपनी राह अलग कर ली हैं। इनके अलावा गुड्डू राजा बुंदेला, शिवपुरी से अरविंद धाकड़, सुश्री अंशु रघुवंशी, डॉ. केशव यादव, डॉ. आशीष अग्रवाल और महेंद्र प्रताप सिंह ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
ये भी पढ़ें: सिंधिया का कांग्रेस पर निशाना, “कौन बनेगा करोड़पति…, 15 महीने की सरकार में ये सीरियल मध्य प्रदेश में खूब चला”